अब नंदी हॉल से गर्भगृह में दर्शनार्थियों का प्रवेश बंद…
पुजारियों के विरोध पर मंदिर प्रशासन ने लिया फैसला…
अक्षरविश्व प्रतिनिधि .उज्जैन।महाकाल मंदिर के नंदी हॉल से गर्भगृह में प्रोटोकॉल के दर्शनार्थी नहीं जा सकेंगे। इसके लिए मंदिर प्रशासन ने सख्त व्यवस्था लागू कर दी है।
नंदीहॉल से गर्भगृह में जाने वाले दर्शनार्थियों के कारण रविवार को हंगामा हो गया था। एक बुजुर्ग महिला बेरिकेड लांघकर नंदी हॉल में चली गई थीं और गर्भगृह में जाकर दर्शन किए थे।
अव्यवस्था से नाराज पुजारियों ने भी धरना देकर विरोध किया था। मंदिर प्रशासन ने सोमवार से इस व्यवस्था में सुधार किया है। सहायक प्रशासक आरके तिवारी ने बताया बड़े वीआईपी को छोड़कर अब किसी को भी नंदी हॉल से प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। पुजारी सत्यनारायण जोशी ने बताया सोमवार से प्रवेश बंद हुआ है लेकिन प्रशासन को निरंतर कसावट रखनी चाहिए।
इसलिए हो रहे विवाद
मंदिर में पूर्णकालिक प्रशासक होना चाहिए लेकिन वर्तमान प्रशासक पर यूडीए सीईओ की भी जिम्मेदारी। इससे वे पूरा समय नहीं दे पा रहे।
1500 रुपए की रसीद कटाने वाले दर्शनार्थियों के लिए मार्गदर्शन आदि की व्यवस्था नहीं। सिर्फ रसीद काटने पर ध्यान
1500 की रसीद कटवाने में मध्यस्थ भी सक्रिय। वे अपने दर्शनार्थियों को जल्दी दर्शन करा देते हैं
अधिकतर सहायक प्रशासक मंदिर में निरीक्षण करने की जगह दफ्तर से ज्यादा कर रहे काम। इससे भी अव्यवस्थाएं नहीं हो रही नियंत्रित.
1500 की रसीद कटाने के बाद भी दर्शनार्थियों को काफी पैदल चलने और रोकटोक के बाद दर्शन हो पा रहे।