बोर्ड की दो लाख से ज्यादा कॉपियां और 10 कंप्यूटर जलने से बचे
आग लगने के बाद अब स्कूल में छा गया ‘अंधेरा’
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:दशहरा मैदान कन्या हायर सेकंडरी स्कूल में बुधवार दोपहर को आग लगने के बाद गुरुवार को पूरे स्कूल में अंधेरा छा गया। बिजली आपूर्ति बंद होने से लाइट और पंखे कूलर भी नहीं चल सके।
ऑनलाइन काम भी ठप रहा। स्कूल में जिस स्टोर रूम में आग लगी, उससे कुछ ही दूरी पर दो लाख से ज्यादा बोर्ड की कॉपियां थीं। कॉपियां सुरक्षित हैं। प्राचार्य अभिमन्यू व्यास ने जांच के लिए कमेटी बनाई है, जो गुरुवार दोपहर से काम शुरू करेगी। दल पता लगाएगा कि घटना कैसे हुई।
हाल ही में दशहरा मैदान स्थित कन्या हायर सेकंडरी स्कूल को प्रदेश के शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने पीएमश्री स्कूल बनाने की घोषणा की है। बुधवार को शॉर्ट सर्किट से आग गई, जिससे पुराना रिकॉर्ड और स्टेशनरी जल गई। बुधवार दोपहर जब यह जब लगी तब प्राचार्य व्यास करीब में चल रही सीसीएलई ट्रेनिंग पर पास में गए थे। प्रभारी प्राचार्य पद्मजा रघुवंशी ने इसकी सूचना दी।
जिस रूम में आग लगी उसमें मुख्य मीटर भी था। पुरानी स्टेशनरी, प्रवेश फॉर्म और इलेक्ट्रॉनिक सामान था। सूचना मिलने पर प्राचार्य और अन्य घटना स्थल पहुंचे। डीईओ के प्रतिनिधि के रूप में एपीसी गिरीश तिवारी भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टोरेट फोन कर फायर ब्रिगेड और एमपीईबी की टीम को बुलाया गया। तब आग पर काबू पाया गया। प्राचार्य व्यास ने पंचनामा बनाकर पुलिस थाने भेजा है। उन्होंने विद्यालय स्तर की एक टीम भी बनाई है, जो घटना की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
मंत्री ने किया था कक्ष और शेड का लोकार्पण
कुछ दिन पहले ही स्कूल शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने स्कूल परिसर में बने नए कक्ष का लोकार्पण किया था। इसमें उन्होंने स्कूल को पीएमश्री स्कूल के रूप में विकसित करने की घोषणा की है।
बोर्ड की कॉपियां बचने से राहत
शिक्षा विभाग को सबसे बड़ी राहत यह मिली कि स्टोर रूम के पास ही दो से ढाई लाख बोर्ड की कॉपियां जलने से बच गई। अगर आग पर समय पर काबू ने पाया होता तो कुछ भी हो सकता था। आग से स्टोर रूम का पार्टीशन प्लायवुड जल गया। केबल जल गई और सीसीटीवी कैमरे टूट गए।