Sunday, December 3, 2023
Homeउज्जैन समाचारआज शाम उज्जैन में अमित शाह भरेंगे हुंकार

आज शाम उज्जैन में अमित शाह भरेंगे हुंकार

राम मंदिर का मुद्दा महाकाल नगरी से और पकड़ेगा जोर!

भाजपा के नाराज नेताओं को भी मनाएंगे

अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:देश में भाजपा की कमान संभाल चुके मौजूदा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रविवार शाम उज्जैन आएंगे और सभा के माध्यम से हुंकार भरेंगे। अयोध्या के राम मंदिर मुद्दे पर वे कांग्रेस पर हमला भी बोल सकते हैं। सभा के बाद नाराज पार्टी नेताओं को मनाएंगे। सभा के लिए शहीद पार्क पर तैयारियां पूरी हो गई हैं।

शाह की सभा को अहम माना जा रहा है। इस बार उज्जैन संभाग में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है। शाह की सभा से राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं। इस सभा में आने वाली भीड़ पर भी निगाहें रहेंगी। कांग्रेस इस पर अपनी खुफिया नजरें जमाए हुए है। इस कारण पार्टी भी भीड़ जुटाने के लिए पूरी ताकत लगाए हुए है। सूत्रों के मुताबिक शाह पार्टी के उन नेताओं से भी मिलेंगे, जो टिकट न मिलने से नाराज हैं। शहीद पार्क पर सभा के लिए सुबह से तैयारियों का दौर चला। शाम करीब छह बजे के आसपास सभा शुरू होगी।

सिर्फ पार्टी दुपट्टा ओढ़ाकर करेंगे स्वागत!

शाह सबसे पहले महाकाल मंदिर जाएंगे। यहां त्रिवेणी संग्रहालय में पार्टी के कुछ पदाधिकारियों से मुलाकात होगी। पार्टी की ओर से केवल दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया जाएगा। सुरक्षा कारणों से बड़ी पुष्पमाला की अनुमति भी सुरक्षा अधिकारियों द्वारा नहीं दी जा रही है। सभा के बाद मंच पर कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं को शाह से मिलाया जाएगा। होटल रुद्राक्ष में चुनिंदा वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ शाह की बैठक होगी। यह गोपनीय होगी और अनुमति प्राप्त लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। सभी को यह हिदायत भी दी जाएगी कि बैठक की खास बातें बाहर लीक न की जाए।

विधायक जैन को भी मिलवाने की तैयारी

उज्जैन उत्तर से टिकट काटे जाने से नाराज चल रहे विधायक पारस जैन को भी शाह से मिलवाने की तैयारी पार्टी ने की है। इस सिलसिले में नगर अध्यक्ष विवेक जोशी शनिवार को जैन से मिलने पहुंचे और उनको शाह की बैठक के लिए विधिवत आमंत्रित भी किया।

होटल में डिनर के साथ चर्चा

शाह सभा के बाद इंदौर रोड पर त्रिवेणी स्थित होटल रुद्राक्ष जाएंगे और संभागीय पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इस दौरान वे पार्टी की गोपनीय चुनावी रणनीति पर चर्चा कर टिप्स देंगे। होटल में सभी का डिनर भी होगा। इस दौरान पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों से वे अलग से चर्चा भी करेंगे। डिनर के बाद वे इंदौर रवाना हो जाएंगे।

सभा से पहले मंच स्थल के आसपास आवागामन होगा बंद

शाह की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट पर है। सभा से पहले ही क्षेत्र में लोगों का आवागमन बंद कर दिए जाने को लेकर दोपहर की बैठक में निर्णय होगा। रास्तों को डायवर्ट किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानियां न हों। पुलिस प्रशासन की बड़ी बैठक शनिवार दोपहर में होगी। मंच भी शहीद पार्क पर उसी जगह बनाया जाएगा जहां पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा हुई थी।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर