इंदौर की स्वर्ण बाग कॉलोनी की मल्टी में लगाने वाले मुख्य आरोपी संजय उर्फ शुभम दीक्षित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पुलिस से बचने के लिए लोहा मंडी के इलाके में छुपा था, जहां से शनिवार उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी पुलिस से बचने के चक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया है फिलहाल उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है। आरोपी पर पुलिस ने 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
बता दें युवक ने शुक्रवार देर रात एकतरफा प्यार के चलते मल्टी में रहने वाली युवती की स्कूटी में आग लगा दी थी, जिससे आग पूरे बिल्डिंग में फैल गई थी। देर रात हुई आगजनी की इस घटना में सात लोगों की जान चली गई थी।
झांसी का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार आग लगाने वाला आरोपी संजय उर्फ शुभम दीक्षित झांसी का निवासी है। वह सालभर पहले ही इंदौर आया था।
जिस बिल्डिंग में आग लगी उसी बिल्डिंग में वह छह माह पहले किराएदार के रूप में रह रहा था। एकतरफा प्यार के चलते युवक ने यह घटना की। आरोपी इसी बिल्डिंग में रहने वाली एक युवती से प्यार करता है। युवती की शादी कहीं और तय हो गई थी।
लेकिन वो उसी से शादी करना चाहता था। इसी बात लेकर दोनों में विवाद हुआ था। दस हजार रुपये सहित कुछ अन्य मामलों में भी युवक-युवती के बीच विवाद की बात सामने आई है। आरोपी संजय के खिलाफ आईपीसी 302, 436 का अपराध दर्ज किया है।
शनिवार को कलेक्टर मनीष सिंह ने भी कहा था कि यह हादसा है या षड़यंत्र दोनों ही बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इसके बाद पुलिस के हाथ जो सीसीटीवी फुटेज लगे उसमें साफ हो गया कि किस तरह एक युवक स्कूटी में आग लगाकर निकला था। इसके बाद पुलिस ने इसी बिंदू पर जांच को आगे बढ़ाया और मामला सुलझ गया।