इंदौर में भीषण हादसा , 3 बसें जलकर खाक

इंदौर। शहर के पालदा बस स्टैंड के समीप शनिवार रात एक भीषण आगजनी की घटना में तीन बसें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

एसीपी विजय चौधरी के अनुसार यह घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की है। बस ऑपरेटर ने पालदा बस स्टैंड के पास एक खाली मैदान में बसों को खड़ा करने के लिए यार्ड बना रखा है, जहां बसों की निगरानी के लिए एक चौकीदार भी तैनात है।
चौकीदार ने फायर ब्रिगेड को बताया कि बसें पिछले करीब 20 दिनों से यार्ड में खड़ी थीं। उसके मुताबिक सबसे पहले अचानक एक बस में आग लगी और देखते ही देखते आग ने पास खड़ी दो अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया।जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आई बसें श्रीनाथ ट्रेवल्स, निधि ट्रेवल्स और देवा ट्रेवल्स की बताई जा रही हैं। अचानक लगी आग से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता और आग लगने के कारणों को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। किसी भी संभावित साजिश की आशंका के चलते मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आग लगने के कारणों का पता लगाएंगे।









