इंदौर रोड पर रफ्तार का कहर, निनौरा टोल और लालगेट पर दुर्घटना में दो कारें क्षतिग्रस्त

उज्जैन। इंदौर-उज्जैन मार्ग पर चल रहे सिक्स लेन और ब्रिज निर्माण कार्य के बीच यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। मार्ग पर डायवर्जन और निर्माण सामग्री के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बुधवार रात और गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि गनीमत रही कि किसी भी मामले में बड़ी जनहानि नहीं हुई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
लालगेट के पास डंपर ने कार को पीछे से मारी टक्कर: पहली घटना लालगेट के समीप हुई, जहां एक अनियंत्रित डंपर (क्रमांक एम 09 जीए 4227) के चालक ने आगे चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। कार में मंदसौर की बसेर कॉलोनी निवासी रोहित पिता महेश कुमार अपने परिवार के साथ सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। नानाखेड़ा पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
निनौरा टोल पर ट्रक ने कार को लिया चपेट में: दुर्घटना का दूसरा मामला निनौरा टोल प्लाजा के पास सामने आया। यहाँ शास्त्री नगर (नीलगंगा) निवासी शशांक पिता शैलेंद्र की कार को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में भी कार क्षतिग्रस्त हुई है। नानाखेड़ा पुलिस ने इस मामले में भी ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरिफाटक ब्रिज पर भी हुआ हादसा: सड़क दुर्घटनाओं का यह सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। शहर के व्यस्ततम हरिफाटक ब्रिज के पास एक एक्टिवा और स्कूटी के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इस मामले में नीलगंगा पुलिस जांच कर रही है और घायलों की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण कार्य बना मुसीबत: स्थानीय लोगों का कहना है कि सिक्स लेन निर्माण के कारण इंदौर रोड पर कई जगह रास्ते संकरे हो गए हैं। निर्माण कंपनी द्वारा सुरक्षा मानकों और पर्याप्त संकेतक न लगाए जाने के कारण रात के समय चालकों को भ्रम होता है, जो दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रहा है।









