खंडवा की महिला की कार से चोरों ने जेवर और नकदी चुराए थे
उज्जैन। दिसंबर माह में खंडवा निवासी एक महिला अपने पति के साथ महाकाल दर्शन के लिए आई। दर्शन के बाद देवास रोड स्थित होटल में खाना खाने गई। इसी दौरान उनकी कार से जेवर और नगदी बदमाशों ने उड़ा दिए। महिला ने ई-एफआईआर की अब पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही हैं।
खंडवा निवासी नेहा अरुण 22 दिसंबर को पति अमरदीप के साथ महाकाल के दर्शन के लिए आई थी। दर्शन के बाद पति-पत्नी देवास रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर कार से खाना खाने पहुंचे। रेस्टोरेंट के सामने कार खड़ी कर दोनों रेस्टारेंट में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनकी कार से एक पर्स और बैग ले उड़ा। बैग में मंगलसूत्र, डायमंड रिंग, दो मोबाइल, पर्स में रखे 5 हजार रुपए रखे थे। नेहा ने इस संबंध में शिकायत माधवनगर थाना में 22 दिसंबर को की थी। करीब 50 दिन तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो इसके बाद नेहा ने निराश होकर 11 फरवरी को ई-एफआईआर दर्ज कराई। अब पुलिस देवास रोड स्थित रेस्टोरेंट के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।
किराना दुकान संचालक पर गोली चलाई, गिरफ्तार
उज्जैन। माकड़ौन के पास रूपाखेड़ी गांव में हफ्तावसूली को लेकर बदमाश ने दुकान संचालक को गोली मारी। लेकिन वह बाल-बाल बच गया। बदमाश के साथ पांच अन्य साथी भी थे। सूचना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम रूपाखेड़ी में अर्जुन पिता रामचंद्र चौधरी की किराना दुकान है। उसकी दुकान पर शुक्रवार रात को सात बदमाश पहुंचे और पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर एक बदमाश ने देसी कट्टा निकाला और गोली चला दी। गनीमत रही कि तभी अर्जुन नीचे बैठ गया। जिससे उससे गोली नहीं लगी। पुलिस ने शनिवार तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चलती बाइक पर युवक को बाटल मारी, घायल
उज्जैन। सांदीपनि आश्रम में दुकान लगाने वाले युवक पर बीती रात अज्ञात बदमाशों ने बाटल से हमला कर दिया। घायल ने रिश्तेदार महिला ने हमला कराने की आशंका जताई है।
विशाल पिता संजय मालवीय निवासी प्रीति नगर ढांचा भवन पर बीती रात करीब 7.30 बजे सांदीपनि आश्रम से घर की ओर जाते समय अज्ञात बदमाशों ने बाटल से हमला कर दिया। उसे राहगिरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।