अटकलों को लगा विराम, रवि भदौरिया को शहर कांग्रेस की कमान
उज्जैन। अभा कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रवि भदौरिया को अब शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के कट्टर समर्थक रवि भदौरिया पूर्व में शहर युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा अन्य पदों पर रहकर भी अपने दायित्व को निभाया। काफी समय से इस बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी को हटाया जा सकता है और उनके स्थान पर किसी युवा नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
शहर अध्यक्ष पद के लिए रवि भदौरिया सहित अन्य नेताओं के नाम चल रहे थे लेकिन अभा कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के खास माने जाने वाले रवि भदौरिया के नाम पर शहर अध्यक्ष के लिए मोहर लगा दी गई है। इस संबंध में अभा कांग्रेस कमेटी द्वारा पत्र भी जारी कर दिया गया है।
जिम्मेदारी बढ़ेगी….आगामी माह में स्थानीय निकायों के चुनाव होंगे ऐसे में शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए रवि भदौरिया पर जिम्मेदारी बढ़ेगी।
शहर के 54 वार्डों में प्रत्याशी तय करने में शहर कांग्रेस अध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
चर्चा इस बात की है कि अब कमलनाथ शहर के वरिष्ठ नेताओं के बजाय युवा नेताओं को ज्यादा तवज्जों देना चाहते हैं ताकि संगठन को मजबूती मिल सके।