मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने त्रिवेणी संग्रहालय के समीप रुद्राक्ष का पौधा रोपा
उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष वी.डी.शर्मा के साथ उज्जैन आकर पांच दिवसीय दीपोत्सव के तीसरे दिन गोवर्धन पूजा और गौमाता की पूजा अर्चना की। तत्पश्चात मुख्यमंत्री चौहान ने त्रिवेणी संग्रहालय के समीप रुद्राक्ष का पौधा लगाया। इस अवसर पर अंकूर अभियान के तहत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा का आशय प्रकृति का पूजा करने का संदेश है। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि पर्यावरण को बचाने के लिए आम जन अधिक से अधिक अपने शुभ कार्यों के समय पौधारोपण जरूर करें। पेड़ लगाना एवं पेड़ बचाना जरुरी है तभी हम पर्यावरण को बचा पायेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पर्यावरण के पवित्र कार्य में लगे अंकुर अभियान के समस्त सदस्यों को साधुवाद देते हुए दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल मंदिर के आसपास स्मार्ट सिटी के द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य सराहनीय हैं। निर्माण पूर्ण होने पर आने वाले श्रद्धालुओं को उज्जैन नगरी सुंदर एवं आकर्षक लगेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय पुनर्जागरण के महाभियान में हमारा देश और अधिक शक्तिशाली बनेगा। देश के प्रधान मंत्री नरेद्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली भारत का निर्माण होगा। भगवान श्रीकृष्ण ने पांच हजार साल से अधिक पहले ही प्रकृति की पूजा करने का संदेश दिया था। गोवर्धन पूजा कोई कर्मकांड नहीं है बल्की पर्यावरण को बचाने का संदेश है। धरती का तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है और उसे रोकना अति आवश्यक है। इसके लिए हम सब मिलकर अपनी धरा पर अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। सरकार ने अंकुर अभियान प्रारंभ किया है।
सीएम चौहान ने भगवान महाकालेश्वर का पूजन अर्चन किया
उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर विधि विधान से पूजन अर्चन किया पूजन पण्डित घनश्याम शर्मा द्वारा करवाया गया। उन्होंने पूजा के ही दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केदारनाथ मंदिर में किए जा रहे पूजन अर्चन को देखा एवं उनके उद्बोधन को सुना।
सीएम ने शोक संवेदना व्यक्त की
सीएम शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष्र वी.डी. शर्मा के साथ सेठी नगर स्थित विशाल राजौरिया के निवास पर उनकी माताजी कृष्णा राजौरिया के गत 12 अक्टूबर को निधन होने पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। उन्होंने स्व. कृष्णा राजौरिया के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
महाकाल प्रवचन हाल में सीएम ने साधु संतों का सम्मान किया
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल प्रवचन हाल में उज्जैन के प्रमुख साधु संतों का सम्मान किया। उन्होंने स्वागत के बाद संबोधन में कहा कि संतों के आशीर्वाद व मार्गदर्शन से रामराज की परिकल्पना के साथ प्रदेश की जनता की सेवा होती रहे यही कामना है। सीएम ने कहा उज्जैन नगरी अद्भुत नगरी है। आगामी शिवरात्रि 22 फरवरी को आएगी इसके पहले 21 फरवरी को महाकाल की नगरी को सजाया जाएगा और सभी लोग का आनंद से शिवरात्रि मनाएंगे। महाकाल महाराज मंदिर परिसर विस्तार योजना के तहत किए जा रहे कार्यों को भी शिवरात्रि के पूर्व पूर्ण कर लिया जाएगा। सम्मान के दौरान मंच पर संतों में रामेश्वरदास, उमेशनाथ महाराज, आचार्य शेखर महाराज, शांति स्वरूपानंद, डॉ. अवधेशपुरी, रंगनाथाचार्य, काताचार्य महाराज, स्वामी आनन्द जीवनदास महाराज, विनित गिरी, श्याम गिरी एवं अन्य विराजमान थे।