Sunday, September 24, 2023
Homeउज्जैन समाचारउज्जैन : ज्ञान सागर एकेडमी, निर्मला कान्वेंट के साथ 10 अन्य स्कूल...

उज्जैन : ज्ञान सागर एकेडमी, निर्मला कान्वेंट के साथ 10 अन्य स्कूल बस में गड़बड़ी

सुबह 6 बजे स्कूल बस की जांच के लिए आरटीओ और यातायात पुलिस का संयुक्त अभियान…

उज्जैन। स्कूल बस के संचालन को लेकर गड़बड़ी की शिकायतों के बाद आज शनिवार को सुबह 6 बजे से आरटीओ और यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों पर संयुक्त अभियान चलाया गया। इसमें अलग-अलग स्कूल बस की जांच की गई, जिसमें ज्ञान सागर एकेडमी, निर्मला कान्वेंट के साथ 10 स्कूल बस में गड़बड़ी मिली। इन्हें पहले भी हिदायत दी गई थी।

WhatsApp Image 2022 04 23 at 8.34.13 AM.jpeg

आरटीओ और यातायात पुलिस ने नागझिरी चौराहों पर स्कूल बसों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बसों की लंबी कतार लग गई। बसों के कागजात सहित उनके फिटनेस की जांच की गई। करीब दो घंटे में ही 50 से अधिक बसों की जांच की गई जिसमें से करीब 15 बसों में गड़बडिय़ां पाई गई।

इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही हैं। स्कूल बसों के खिलाफ चेकिंग अभियान की जानकारी मिलने से हड़कंप मच गया।

इस दौरान कुछ ड्रायवरों ने बचने के लिए वाहनों को इधर-उधर से निकालने का प्रयास भी किया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व आरटीओ ने स्कूल संचालकों से बसों की जांच करने के संबंध कहा था। इसके बाद कुछ बसें आरटीओ कार्यालय पहुंची और उनकी जांच की गई थी।

लेकिन इसके बाद बसों के कार्यालय नहीं आने पर आज से जांच अभियान तेज कर दिया। आरटीओ ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइंस के अनुसार बसों की जांच की जा रही हैं। कमियां पाई जाने पर कार्रवाई भी कर रहे हैं। यह अभियान लगातार चलेगा। वाहनों की स्पीड और ओवरलोडिंग को भी देखा जा रहा है।

इन स्कूल बसों पर कार्रवाई
ज्ञान सागर एकेडमी और ज्ञान सागर स्कूल की बसों में सीसीटीवी कैमरे और महिला अटेंडर नहीं मिली। एक अन्य स्कूल की बस में फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं पाया गया। इसके साथ ही कुछ अन्य स्कूलों की बसों में भी कमियां पाई जाने पर कार्रवाई की गई।

बसों में जांच के दौरान यह देखा
स्कूल बसों में फस्र्ट एड बाक्स, स्पीड गवर्नर, फायर सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी डोर, महिला अटेंडर, फिटनेस सर्टिफिकेट, ओवर लोडिंग आदि की जांच की गई। 15 से अधिक बसों में कई कमियां पाई गई। इस पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं अन्य बस ड्रायवरों को हिदायत दी गई।

यात्री बस के ड्रायवरों ने रास्ता बदला

देवास रोड पर आरटीओ और यातायात पुलिस स्कूल बसों की जांच कर रहे थे। यह जानकारी जब यात्री बस के ड्रायवरों को लगी तो उन्होंने रूट ही डायवर्ट कर लिया। इस दौरान कई यात्री बसें शहर के आंतरिक मार्गों से होकर निकली।

इनका कहना है…. अभियान निरंतर चलेगा

दो साल से स्कूल बसों का संचालन लगभग बंद था। इस दौरान यदाकदा ही बसें चलाई गई। कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर सुबह से ही स्कूल बसों की जांच की जा रही है। यह जांच अभियान निरंतर चलेगा। गड़बड़ी पाई जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संतोष मालवीय, आरटीओ

एक्ट में कार्रवाई

आज सुबह से 50 से अधिक बसों की जांच की गई। इस दौरान बसों में आग बुझाने का यंत्र, महिला अटेंडर, ओवरलोडिंग आदि की जांच की गई। जांच में कमियां पाई जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही हैं।

सुरेंद्रपालसिंह राठौर,डीएसपी यातायात

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर