उज्जैन: पहला यूनिटी मॉल 4 एकड़ में बनेगा…
इंदौर रोड पर हरिफाटक ब्रिज से पहले इंपीरियल होटल के सामने बनेगा
अक्षरविश्व प्रतिनिधि .उज्जैन। मध्यप्रदेश का पहला यूनिटी मॉल स्मार्ट सिटी बनाएगी। इसके लिए इंदौर रोड पर हरिफाटक ओवरब्रिज से पहले इंपीरियल होटल के सामने करीब 4 एकड़ जमीन का प्रस्ताव शासन की ओर भेज दिया गया है। मॉल के लिए केंद्र सरकार ने 50 करोड़ रुपए का फंड रखा है, लेकिन यह बढ़कर 80 करोड़ तक होने की संभावना है।
महाकाल मंदिर के पास इस मॉल को बनाने के लिए प्रशासन ने पहला बड़ा कदम उठा लिया है। अभी तक यह साफ नहीं था कि इसे स्मार्ट सिटी बनाएगी, नगर निगम या उज्जैन विकास प्राधिकरण। लेकिन अब प्रशासन ने स्मार्ट सिटी के माध्यम से इसे बनाना तय कर लिया है।
अपर कलेक्टर व स्मार्ट सिटी के अधीक्षण यंत्री नीरज पांडेय ने बताया इंदौर रोड पर होटल इंपीरियल के सामने 1.9 हेक्टेयर (करीब 4 एकड़) जमीन पर इसे बनाने का प्रस्ताव कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के पास भेज दिया है। शासन इस पर निर्णय लेगा।
मॉल में देश के सभी राज्यों की संस्कृति के अनुरूप वस्तुएं, खान पान की सामग्रियां आदि मिलेंगी। इसलिए यह मॉल देश की एकता का संदेश भी देगा। जल्द ही प्रस्ताव शासन के पास पहुंच जाएगा। शासन के निर्देश के आधार पर आगे की प्रक्रिया हो सकेगी। सूत्रों के अनुसार यूडीए अध्यक्ष श्याम बंसल भी इसको लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे।
स्मार्ट सिटी बनाएगी मॉल
यूनिटी मॉल बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार हो गया है। इसकी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। स्मार्ट सिटी इसे बनाएगी। इसकी लागत 50 करोड़ से ज्यादा होगी।-कुमार पुरुषोत्तम, कलेक्टर