उज्जैन बनेगा विज्ञान और अध्यात्म का वैश्विक केंद्र, नए रास्ते खुलेंगे

सीएम डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री प्रधान ने 15.20 करोड़ के साइंस सेंटर का किया लोकार्पण
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अवंतिका नगरी एक बार फिर विश्व पटल पर बौद्धिक विमर्श का केंद्र बन गई है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, आरएसएस विचारक सुरेश सोनी ने वसंत विहार स्थित तारामंडल परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक साइंस सेंटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम विषय पर आधारित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी को संबोधित करते हुए सुरेश सोनी ने कहा कि उज्जैन और डोंगला अब विश्व स्टैंडर्ड टाइम का केंद्र बन गए हैं।
विज्ञान और अध्यात्म के इस संगम से उज्जैन के विकास के नए रास्ते खुलेंगे। उज्जैन पुराने समय से ही विज्ञान और अध्यात्म का केंद्र रहा है। यह बात ईपीएस से भी साबित हो चुकी है। प्रारंभ में अतिथियों ने तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। जिसमें आम लोगों के लिए भारतीय काल गणना, एस्ट्रोफिजिक्स और कॉस्मोलॉजी को सरल ढंग से प्रदर्शित किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विशेष पुस्तकों के विमोचन भी इस दौरान किया गया।
ज्ञान के द्वार खोलेगा साइंस सेंटर
15.20 करोड़ रुपए की लागत से केंद्र में तैयार साइंस सेंटर विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए ज्ञान का नया द्वार खोलेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में केंद्र सरकार ने 6.50 करोड़ और राज्य सरकार ने 8.56 करोड़ रुपए का निवेश किया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह केंद्र न केवल विज्ञान के प्रति रुचि जगाएगा, बल्कि खगोल विज्ञान के क्षेत्र में उज्जैन की प्राचीन प्रतिष्ठा को भी पुनस्र्थापित करेगा।
वैज्ञानिक करेंगे काल गणना पर मंथन
तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत सहित जापान और अन्य देशों के खगोलविद, नीति-निर्माता और अंतरिक्ष विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन का मकसद भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक अंतरिक्ष विज्ञान के बीच तालमेल बिठाना है। नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी.के. सारस्वत और इसरो के वैज्ञानिकों की मौजूदगी में उज्जैन-डोंगला को वैश्विक मेरिडियन के रूप में स्थापित करने और भारतीय काल गणना के वैज्ञानिक आधार पर गहन चर्चा की जाएगी।
View this post on Instagram









