वन विभाग जुटा तैयारियों मे
अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन। पर्यावरण संरक्षण और बांस आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष मानसून में बांस के पौधों का अधिक रोपण किए जाने की योजना है। उज्जैन जिले में दो लाख से अधिक बांस के पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग ने तैयारियों प्रारंभ कर दी है।
वन विभाग की कार्य आयोजना शाखा प्रदेश के 3615 हेक्टेयर में 21 लाख से अधिक बांस के पौधे रोपेगी। ऐसा प्रदेश में बांस आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की नीति के अंतर्गत किया जा रहा है। इसमें दो लाख 57 हजार पांच सौ उज्जैन में रोपे जाएंगे। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रही है। हर साल मानसून में पौधे रोपे जाते हैं।
इस बार वन विभाग अन्य इकाइयों के साथ बांस के अधिक से अधिक पौधे रोपने की तैयारी कर रहा है, जबकि पर्यावरण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित अन्य विभाग भी पौधारोपण करेंगे। इसके लिए वन विभाग और अन्य सरकारी नर्सरियों में पौधे तैयार किए गए है। तीन फीट से अधिक ऊंचाई वाले पौधे रोपने पर जोर है, ऐसा पौधारोपण सफल होने की ज्यादा संभावना रहती है।
डीएफओ किरण बिसेन के अनुसार पौधरोपण के लिए वन विभाग के साथ वन विकास निगम, लघु वनोपज संघ, बांस मिशन, कैंपा शाखा सहित अन्य इकाइयों के अलावा कृषि, उद्यानिकी, पर्यावरण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों ने भी पौधारोपण की तैयारी शुरू कर दी है।