उज्जैन में सूर्यास्त देरी से होने के कारण 17 मिनट ही दिखेगा ग्रहण

साल का पहला पूर्ण चंद्रगहण आज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आसमान में देखने की स्थिति में आएगा चंद्रमा तब तक हो चुका होगा ग्रहण मोक्ष
उज्जैन। धुलेंडी पर मंगलवार को इस साल का पहला चंद्रग्रहण लगने जा रहा है जो पूर्ण चंद्रग्रहण होगा। ग्रहण की शुरुआत दोपहर 03:19:7 बजे होगी और पूर्णग्रहण की स्थिति शाम 5:03:7 पर होगी तथा मोक्ष सायं 6:47:06 पर होगा। इस प्रकार ग्रहण की अवधि 3 घंटे 28 मिनट तक रहेगी। ग्रहण का प्रतिशत 115.5 होने के कारण चंद्रमा पूर्ण ग्रहण की स्थिति में रहेगा। चंद्रग्रहण की स्थिति में पृथ्वी, सूर्य तथा चंद्रमा के मध्य एक सीधी रेखा में होती है तथा पूर्ण चंद्रग्रहण की स्थिति में पृथ्वी की छाया से चंद्रमा का पूर्ण भाग ढंकता है जिससे सूर्य का प्रकाश चंद्रमा तक नहीं पहुंचता और पूर्ण चंद्रग्रहण की स्थिति दिखाई देती है।
पूर्ण चंद्रग्रहण का नजारा बेहद खूबसूरत होता है जिसमें चंद्रमा धीरे-धीरे ढ़कतेे हुए पूर्णता की स्थिति में ताम्रवर्ण (रेड मून) हो जाता है। चंद्रग्रहण का प्रारंभ दोपहर 03:19:7 पर हो रहा है, इस समय उज्जैन में धूप होगी और सूर्यास्त शाम 6.31 बजे होगा। यह चंद्रग्रहण देश में दिखाई देगा लेकिन शहर में सैद्धांतिक रूप से ही दृश्य होगा, ऐसा इसलिए क्योंकि 3 मार्च को शाम 6.31 बजे सूर्य अस्त होते ही पूर्व दिशा में पूर्णिमा का चंद्रमा आंशिक ग्रहण लगी हुई स्थिति में उदय होगा। ग्रहण समाप्ति का समय शाम 6:47:06 बजे है। अत: उज्जैन में सूर्यास्त से केवल 17 मिनट ही ग्रहण की स्थिति रहेगी। चंद्रमा जब तक आसमान में ऊपर देखने की स्थिति में आएगा तब तक ग्रहण मोक्ष हो चुका होगा। इस कारण हम ग्रहण की स्थिति को नहीं देख सकेंगे।
यहां भी दिखेगा चंद्रग्रहण
यह चंद्रग्रहण पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर एवं अमेरिका में दिखाई देगा और भारत के पूर्वी भाग (जहां सूर्यास्त जल्दी होता है) देखा जा सकेगा। टेलीस्कोप से ग्रहण देखने की स्थिति, चंद्रमा को टेलीस्कोप की परिधि में आने पर ही बनती है। चंद्रमा को क्षितिज से ऊपर टेलीस्कोप की परिधि तक आने के पहले ही ग्रहण खत्म हो जाएगा इसलिए टेलीस्कोप से भी इसे नहीं देख सकेंगे।










