उज्जैन शहर को मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात
फ्रीगंज ब्रिज को शिवराज सरकार की हरी झंडी
92 करोड़ रुपयों में बनेगा, वित्तीय व्यय समिति ने मंजूर की राशि
चुनाव से पहले पूरे प्रदेश में 17 ब्रिज मंजूर
सुधीर नागर.उज्जैन:प्रदेश की शिवराज सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले 17 रेलवे ओवरब्रिज मंजूर कर दिए हैं। इससे महाकाल नगरी उज्जैन को बड़ी सौगात मिली है। फ्रीगंज में करीब 80 साल पुराने ब्रिज के समानांतर नया ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए करीब 92 करोड़ रुपए स्वीकृत कर दिए गए हैं, जो प्रदेश के लिए मंजूर सबसे ज्यादा राशि है। दूसरा सबसे बड़ा ब्रिज नीमच को मिला है। इंदौर में लसूडिया मोरी मार्ग पर 31.53 करोड़ का ब्रिज स्वीकृत किया गया है।
सरकार के इस कदम से उज्जैन में सिंहस्थ 2028 से पहले नया ब्रिज बनाया जा सकेगा। फ्रीगंज में पिछले सिंहस्थ से नया समानांतर ब्रिज बनाने के लिए सरकार कोशिश कर रही है। लोक निर्माण विभाग की वित्तीय व्यय समिति ने ब्रिज निर्माण को हरी झंडी दे दी है।
इसका विधिवत आदेश भी विभाग को मिल गया है। लोक निर्माण विभाग के सचिव आरके मेहरा ने प्रदेश के राज्यपाल के आदेशानुसार पत्र जारी कर दिया है। इसमें उज्जैन सहित प्रदेश के लिए 17 ब्रिज मंजूर किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग उज्जैन संभाग के अंतर्गत शाजापुर, नीमच और रतलाम में भी एक एक ब्रिज मंजूर किए गए हैं।
80 वर्ष पुराना है फ्रीगंज ब्रिज
पुराने और नए शहर को जोडऩे वाला फ्रीगंज ब्रिज करीब 80 वर्ष पुराना है। इसका निर्माण आजादी से पहले वर्ष 1945 में किया गया था। आर्च स्टाइल में बना यह ब्रिज 14 मीटर चौड़ा और 800 मीटर लंबा है। एक तरफ 1.50 मीटर का फुटपाथ है। ब्रिज को 1992 में एक ओर से चौड़ा भी किया गया था। सिंहस्थ 2016 में 24 लाख रुपए खर्च कर इसका संधारण भी किया गया था।
नए ब्रिज की योजना
फ्रीगंज में ब्रिज निर्माण के लिए 91 करोड़ 76 लाख और 92 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति।
यह इंदिरा गांधी चौराहे से चामुंडामाता चौराहे तक बनेगा।
महापौर बंगले के सामने से होकर बनाया जाएगा।
अब इसे बनाने के लिए विभाग टेंडर जारी करने की प्रक्रिया करेगा।
सचिव के आदेश में कहा गया है कि सक्षम अधिकारी द्वारा जारी तकनीकी स्वीकृति के अनुसार टेंडर बुलाए जाएं।
101 वीं बैठक में प्रस्ताव मंजूर
लोक निर्माण विभाग वित्तीय व्यय समिति की 101वीं बैठक 29 मई 2023 को प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त विभाग मप्र शासन की अध्यक्षता में हुई थी। इसमें 17 प्रस्तावों के साथ उज्जैन के फ्रीगंज में नया समानांतर ब्रिज भी मंजूर हो गया था। शुक्रवार रात यह आदेश जारी हो गया।
प्रशासकीय स्वीकृति मिली
फ्रीगंज में नया समानांतर रेलवे ओवर ब्रिज के लिए 9176.92 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति का पत्र मिल गया है। विभाग के निर्देशानुसार आगे की प्रक्रिया जल्द करेंगे। – एसके अग्रवाल, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग उज्जैन