Sunday, May 28, 2023
Homeउज्जैन समाचारउज्जैन सेवाधाम हादसा : विसरा रिपोर्ट के बाद पता चलेगा दो की...

उज्जैन सेवाधाम हादसा : विसरा रिपोर्ट के बाद पता चलेगा दो की मौत का सही कारण

आश्रम के 50 से अधिक लोग आंतों के इंफेक्शन से प्रभावित,

डॉक्टरों की टीम ने दिया प्राथमिक उपचार

उज्जैन।अंबोदिया स्थित सेवाधाम आश्रम में दो युवकों की मौत का कोई साफ कारण सामने नहीं आया है। जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ.जितेंद्र शर्मा के मुताबिक मौत का प्रारंभिक कारण आंत में इंफेक्शन सामने आया है,लेकिन सही ओर स्पष्ट कारण विसरा रिपोर्ट से पता चलेगा।

उधर सेवाधाम आश्रम में शासकीय डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए परीक्षण में आश्रम के 50 से अधिक लोग आंतों में इंफेक्शन और अन्य कारणों से प्रभावित है। इनका आश्रम में ही उपचार किया गया है।

सेवाधाम आश्रम में मंगलवार को युवकों की तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल लाने पर दो की मौत हो चुकी थी। चार मरीजों का अस्पताल में इलाज शुरू किया गया। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रैफर कर दिया गया। दो मृतक की पोस्टमार्टम में आंत में इंफेक्शन सामने आया है।

घटना के बाद जिला चिकित्सालय से डॉक्टरों की एक टीम सेवाधाम आश्रम में जांच करने पहुंची थी।जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ.शर्मा के अनुसार जिला अस्पताल के डॉक्टरों की पैनल ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया। मृतकों के नाखून नीले हो गए थे। आंत में इंफेक्शन पाया गया था। डॉक्टरों ने विसरा जब्त कर लिया। विसरा रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा।

बीमारी के एकसमान लक्षण

सेवाधाम आश्रम के मंगलवार को जिन छह मनोरोगियों की तबीयत बिगड़ी थी,उनमें सभी को एक जैसे (लक्षण) सिम्टम्स बताए गए थे। इतना ही नहीं शासकीय डॉक्टरों ने आश्रम में रहने वाले लगभग सभी लोगों की जांच की। इसमें 50 से अधिक लोगों में बीमारी के एक समान लक्षण पाए गए है। यह जांच का विषय है। डॉक्टर्स की टीम इस बारे में पता कर रही है।

क्या खाने से आंत में इंफेक्शन..?

प्रारंभिक पड़ताल के दौरान आश्रम की ओर से बताया गया था कि आश्रम में सुबह सभी को नाश्ते में अंकुरित चना व तरल पदार्थ दिया था। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ी। अंकुरित चने का भी सैंपल जांच के लिए जब्त कराया गया है। इसके साथ ही इस बात की जांच भी की जा रहीं है कि सभी ने रात के भोजन में क्या खाया था।

आरएमओ डॉ.शर्मा ने बताया कि सोमवार को एक समारोह से कुछ खाद्य पदार्थ आश्रम भेजे जाने की जानकारी भी मिली है। वहीं आश्रम में एक मनोचिकित्सक और एक एमडी (एलौपैथिक) की नियुक्ति होना चाहिए,लेकिन वहां पर होम्यौपैथिक डॉक्टर है।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर