Thursday, November 30, 2023
Homeदेशउज्जैन- हवाओं का पहरा : न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री पर आया

उज्जैन- हवाओं का पहरा : न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री पर आया

रात में 1.5 तो दिन के तापमान में 5.0 डिग्री की गिरावट

अनुमान : आज बादल कम रहेंगे,हल्की बारिश

उज्जैन। मौसम के बदले मिजाज शुक्रवार को भी कायम रहे। हालांकि बादल कायम रहे और बूंदाबांदी का दौर थम गया,पर ठंड ने अपने तेवर तीखे कर दिए। बुधवार के मुकाबले गुरुवार के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान (गुरुवार-शुक्रवार रात) 13.5 डिग्री दर्ज किया गया। एक रात पूर्व की तुलना में यह 1.5 डिग्री कम है।

मौसम में आए बड़े परिवर्तन के कारण गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम तक रुक-रुककर मावठे की बारिश होती रही। विगत 24 घंटों में 6.0 मिमी बारिश दर्ज हुई। बादलों के कारण शुक्रवार को धूप भी नहीं निकली। आसमान में हल्के बादलों का डेरा और वातावरण में सर्द हवाओं का पहरा था। नतीजतन ठिठुरन बढ़ गई है। इस दौरान धुंध और कुहासे की स्थिति थी। इससे दृश्यता में भी उतार-चढ़ाव बना रहा। दृश्यता 02 से 04 किमी रही। मौसम खुलने के बाद ठंड और ठिठुरन बढऩे के आसार है।

अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ दक्षिण पूर्व अरब सागर से गुजरात हुए कोंकण तट तक है। इस कारण उज्जैन में अभी बादल छाए रहने के साथ बारिश का दौर दिखाई दे रहा है। अभी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ अभी पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है। ऐसे में शुक्रवार को बादल कम रहेंगे लेकिन हल्की बारिश की संभावना रहेगी।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर