एक ट्रेन में दो वारदात, एक का पर्स-दूसरे का मोबाइल उड़ाया

जीआरपी को शिकायत केस डायरी रतलाम भेजी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। ट्रेनों में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बदमाश लगातार यात्रियों को निशाना बना रहे हैं। एक ही टे्रन में दो वारदात हुई। अलग-अलग कोच में सवार यात्रियों को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश एक का मोबाइल तो दूसरे का पर्स चुरा ले गया। दोनों यात्रियों ने उज्जैन पहुंचकर जीआरपी को रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले में पुलिस ने केस डायरी रतलाम जीआरपी को भेजी है।
जीआरपी थाने में पदस्थ एसआई बीएस कुशवाह ने बताया कि पहली घटना अजमेर के रहने वाले ५३ वर्षीय रत्नेश कुमार अग्रवाल के साथ हुई। वह जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस से किशनगढ़ से उज्जैन आ रहे थे। सफर के दौरान नींद आने पर वह मोबाइल सिरहाने रखकर सो गए। रतलाम स्टेशन पर अज्ञात बदमाश उनका २२ हजार रुपए कीमत का मोबाइल चुरा ले गया। जब उनकी नींद खुली तो मोबाइल नदारद थे। उन्होंने आसपास देखा और अन्य यात्रियों से पूछा लेकिन कुछ पता नहीं चला। उज्जैन पहुंचने पर उन्होंने जीआरपी को शिकायत की।
लेडिज पर्स उड़ाया
इसी तरह दूसरी वारदात भी जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस में हुई। उज्जैन के रहने वाले मजहर खान अपनी पत्नी हिना खान के साथ अजमेर से उज्जैन की यात्रा कर रहे थे। रतलाम स्टेशन पर अज्ञात बदमाश उनकी पत्नी का पर्स चुरा ले गया। इसमें १३ हजार रुपए का मोबाइल, १२ हजार कैश रखा थे। इस तरह कुल २५ हजार रुपए का मश्रुका चुरा ले गया। उन्होंने उज्जैन पहुंचने पर जीआरपी को एफआईआर दर्ज करवाई। दोनों ही मामलों में घटनास्थल रतलाम रेलवे स्टेशन होने से जीआरपी ने जीरो पर कायमी कर केस डायरी रतलाम भेजी है।









