एसआईआर: फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 1.19 लाख नाम हटे

सबसे ज्यादा उज्जैन दक्षिण और सबसे कम बडऩगर में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को दी जानकारी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जिले में 117 दिन तक चली स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (एसआईआर) की प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। फाइनल वोटर लिस्ट में 1,19,263 लाख नाम हट गए हैं। अब जिले में मतदाताओं की संख्या 15,96,103से घटकर 14,76,840 हो गई है। सबसे ज्यादा नाम सबसे बड़े विधानसभा क्षेत्र उज्जैन दक्षिण में हटे हैं। इनकी संख्या 33,266 है। सबसे कम नाम बडऩगर विधानसभा क्षेत्र में हटे हैं। यहां हटाए गए नामों की संख्या 8525 है। जिला निर्वाचन अधिकारी रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रशासनिक संकुल भवन सभा कक्ष में राजनैतिक दलों के नुमाइंदों को फाइनल वोटर लिस्ट की जानकारी दी गई।
जिले में एसआईआर प्रोसेस 27 अक्टूबर से शुरू हुई थी। करीब चार महीने तक चली कवायद शनिवार को पूरी हो गई। इस दौरान 2021 पोलिंग बूथ के दायरे में आने वाले मतदाताओं के घर-घर तक बीएलओ पहुंचे और मतदाता सूची का सत्यापन किया। एसआईआर में मृतकों के नाम हटाए गए और डुप्लीकेट नाम को एक जगह रखा गया नए नाम भी जोड़े गए।
उज्जैन दक्षिण में पुरुषों से ज्यादा महिला मतदाता सीएम डॉ मोहन यादव के विधानसभा क्षेत्र उज्जेन दक्षिण में पुरुषों से ज्यादा महिला मतदाता हो गई हैं। दक्षिण में 118027 पुरुष और 118135 महिला मतदाता हैं।
जिले में 38 थर्ड जेंडर सबसे ज्यादा उत्तर में
जिले में 38 थर्ड जेंडर वोटर भी हैं। इनमें सबसे ज्यादा 9उज्जैन उत्तर में हैं। एसआईआर के पहले नागदा में 10 थर्ड जेंडर थे, इस बार उनकी संख्या घटकर 8 हो गई है। उज्जैन दक्षिण और बडऩगर में थर्ड जेंडर की संख्या 1-1 बढ़ी है। पहले दोनों जगह 4-4 थर्ड जेंडर वोटर थे। अब 5-5 हैं। महिदपुर में 3 और तराना-घट्टिया में 4-4 थर्ड जेंडर वोटर हैं।
यूं देख सकते हैं वोटर लिस्ट में अपना नाम
फाइनल लिस्ट में वोटर अपना नाम देख सकते हैं। उन्हें इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग की साइट पर जाना होगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी संदीपसिंह ने बताया कि वोटर अपना जिला, विधानसभा और बूथ डालकर अपना नाम सर्च कर सकते हैं। सिंह के मुताबिक मतदाता सूची में नाम जोडऩे की प्रक्रिया आगे भीजारी रहेगी। जिनके नाम फाइनल वोटर लिस्ट में छूट गए हैं, या जो संशोधन कराना चाहते हैं वे ऑनलाइन- ऑफलाइन माध्यम से फार्म नं 6,7,8 भरकर आवेदन कर सकते हैं। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले वोटर भी आवेदन कर सकते हैं।
| क्रमांक | विधानसभा क्षेत्र | एसआईआर से पहले | एसआईआर के बाद | कमी |
|---|---|---|---|---|
| 1 | नागदा-खाचरौद | 2,27,873 | 2,16,422 | 11,451 |
| 2 | महिदपुर | 2,22,328 | 2,10,659 | 11,669 |
| 3 | तराना | 1,91,586 | 1,80,846 | 10,740 |
| 4 | घट्टिया | 2,30,280 | 2,18,982 | 11,298 |
| 5 | उज्जैन उत्तर | 2,39,164 | 2,06,850 | 32,314 |
| 6 | उज्जैन दक्षिण | 2,73,894 | 2,40,628 | 33,266 |
| 7 | बडनगर | 2,10,978 | 2,02,453 | 8,525 |










