Wednesday, October 4, 2023
Homeमनोरंजन'OMG-2' में भगवान के गलत चित्रण पर पुजारियों को आपत्ति

‘OMG-2’ में भगवान के गलत चित्रण पर पुजारियों को आपत्ति

भगवान शिव को कचोरी खरीदते हुए दिखाया, ऐसे दृश्य स्वीकार नहीं…

फिल्म निर्देशक, निर्माता, एक्टर अक्षय कुमार और सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष को लीगल नोटिस भेजा

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:अखिल भारतीय पुजारी महासंघ और पुजारियों ने ओह माय गॉड ‘ओएमजी-2’ में प्रस्तुत भगवान शिव के चित्रण पर आपत्ति लेते हुए फिल्म निर्देशक,निर्माता,एक्टर अक्षय कुमार और सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष को लीगल नोटिस भेजा है। इसमें नोटिस मिलने के 24 घंटे के अंदर अपमानजनक दृश्यों को हटाया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की बात कही गई है।

‘ओएमजी-2Ó11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होना है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया है। यानी इसे 18 साल से कम आयु के लोग नहीं देख पाएंगे। इस पर महाकाल मंदिर के पुजारियों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस फिल्म में आपत्तिजनक सीन हैं। महाकाल मंदिर के साथ इस तरह के दृश्य स्वीकार्य नहीं हैं।

अभा पुजारी महासंघ पं. महेश शर्मा ने कहा, इस फिल्म में भगवान शिव के गलत चित्रण से उनके भक्तों की भावनाएं आहत होंगी। इसकी रिलीज सनातनियों पर गलत प्रभाव डाल सकती है। किसी भी प्रकार से मंदिर का अपमान किसी भी व्यक्ति द्वारा किया जाता है तो उसे लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए तत्काल रोका जाना जरूरी है। इसमें भगवान शिव को कचोरी खरीदते हुए दिखाया गया है। ऐसे दृश्य स्वीकार नहीं है। यह भगवान शिव के श्रद्धालुओं को आहत करने वाला है।

अपमानजनक दृश्यों को हटाएं, माफी मांगे

पं. शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय पुजारी महासंघ की ओर से हाईकोर्ट के वकील अभिलाष व्यास ने नोटिस भेजा है। यह नोटिस फिल्म निर्देशक अमित राय, निर्माता विपुल शाह व चंद्रप्रकाश द्विवेदी, एक्टर अक्षय कुमार और सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून कुमार जोशी को भेजा गया है। ओह माय गॉड की कास्ट को महाकाल मंदिर के पुजारियों की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि लेटर मिलने के 24 घंटे के अंदर अपमानजनक दृश्यों को हटाया जाए। सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। ऐसा नहीें करने की स्थिति में फिल्म को दिए गए सर्टिफिकेट को निरस्त करने के लिए आवेदन करेंगे। धार्मिक भावनाओं को आहत करने का केस दर्ज कराएंगे और उज्जैन में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक के लिए मांग करेंगे।

शिव भक्त की कहानी

फिल्म की कहानी मंदिरों के शहर उज्जैन में रहने वाले भगवान शिव के परम भक्त कांति शरण मुद्गल को केंद्रित कर बनाई गई है। जीवन की मुश्किल परिस्थितियों में कांति के सामने भगवान प्रकट होते हैं और उसके जीवन में आने वाली चुनौतियों को हल करने में उसकी मदद करते हैं। इस फिल्म में अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम नजर आएंगे। फिल्म 2012 में रिलीज परेश रावल और अक्षय कुमार स्टार ‘ओएमजीÓ का सीक्वल है। उस फिल्म में अक्षय ने श्रीकृष्ण की भूमिका निभाई थी।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर