महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने आए कर्नाटक के डिप्टी सीएम शिवकुमार बोले
कांग्रेस हाईकमान जो जिम्मेदारी देगा पूरी करेंगे
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बड़ी सफलता के रणनीतिकार और डप्टी सीएम डीके शिवकुमार का कहना है कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव केलिए कांग्रेस हाईकमान जो जिम्मेदारी देगा पूरी करेंगे,जहां तक चुनाव पूर्व की स्थिति का प्रश्न है मप्र में जनता पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है।
कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार महाकाल मंदिर की भस्मआरती और अन्य देव स्थानों पर पूजन के लिए उज्जैन आए थे। मप्र विधानसभा चुनाव में उनकी सक्रियता को लेकर सवाल पर शिवकुमार ने कांग्रेस कार्यकर्ता के तौर पर मेरा और हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह कांग्रेस की मजबूती और सफलता के लिए सक्रिय रहे।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में मेरी भूमिका क्या होगी? इसका फैसला हाईकमान ही करेगा। हाईकमान जो भी जिम्मेदारी देगा का निर्वाहन करेंगे। कर्नाटक चुनाव की जीत ने कांगे्रस के हर कार्यकर्ता को उत्साह और ताकत दी है। शिवकुमार ने कहा,कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश की जनता भी भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के कारण परेशान है।
आगामी विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। इस बार सरकार बदलेगी। कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित सभी नेता साथ में मेहनत और काम कर रहे हैं। कर्नाटक से ज्यादा सीटें मध्यप्रदेश में कांग्रेस को मिलेगी। मध्यप्रदेश में लोग पूरी तरह से बदलाव का मन बना चुके हैं। मैं भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी मध्यप्रदेश आया था, तब यहां का माहौल देखा था। मप्र की जनता पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है।
भगवान महाकाल का आर्शीवाद मिला
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शनिवार रात को इंदौर से उज्जैन पहुंचे। रात में कालभैरव मंदिर में पूजन के बाद आरती में शामिल हुए।
रविवार तड़के महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे और भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। भगवान महाकाल के नाम का जाप किया। महाकाल में दर्शन के बाद शिवकुमार ने कहा कि भगवान महाकाल के दर्शन के लिए तीन बार उज्जैन आ चुका हूं। भगवान महाकालेश्वर ने हमें कर्नाटक में लोगों की सेवा का आशीर्वाद दिया है।