कलेक्टर की सख्ती के बाद पोस्टमार्टम हो सका शवों का
अक्षरविश्व प्रतिनिधि .उज्जैन।बुधवार को जिला अस्पताल में चिकित्सक हड़ताल पर थे। इधर पोस्टमार्टम रूम में पांच शव पोस्टमार्टम हेतु रखे हुए थे। कलेक्टर को सूचना मिली कि हड़ताली चिकित्सक पोस्टमार्टम नहीं होने दे रहे हैं। इसके कारण उनके परिजन परेशान हैं।
यह जानकारी लगने पर कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने तत्काल एडीएम अनुकूल जैन को फोन किया। निर्देश दिये कि पोस्टमार्टम की व्यवस्था तत्काल करवाएं। यदि पोस्टमार्टम होने से रोकने के लिये कोई भी हड़ताली चिकित्सक आगे आए तो उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण तुरंत दर्ज करवा दें।
सूत्रों के अनुसार एडीएम जैन और सिविल सर्जन डॉ. पी.एन. वर्मा ने यह बात हड़ताली चिकित्सकों को समझा दी। इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम करने के लिये हड़ताली चिकित्सकों ने अपने पैर पीछे कर लिये।सिविल सर्जन ने बताया कि अनुबंधित डॉक्टर अदिति मीणा और डॉ. कपिल वर्मा ने कुल 5 शवों के पोस्टमार्टम किये हैं इनमें 3 शव लावारिस थे वहीं 1-1 शव भैरवगढ़ और नीलगंगा थाना क्षेत्र के थे।