Advertisement

कलेक्टर ने तिलक लगाया, प्रशासक ने दी दक्षिणा

श्री महाकालेश्वर मंदिर में चल रहे दस दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का ब्राह्मण भोज के साथ समापन

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में दस दिवसीय महोत्सव का सोमवार को समापन हो गया। शयन आरती के बाद 44 घंटे से खुले मंदिर के पट भी बंद कर दिए गए। इन दो दिनों में देशभर से करीब 8 लाख श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। साल में एक बार दोपहर में होने वाली भस्मार्ती भी हुई जिसके भी हजारों श्रद्धालु साक्षी बने। भस्मार्ती के बाद भोग आरती हुई एवं ब्राह्मण भोज हुआ। इसमें कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने ब्राह्मणों को तिलक लगाया तो मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया।

2 हजार पुलिसकर्मियों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था – महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस और प्रशासन काफी पहले से तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा के लिए प्लान भी बनाया था। इसी के अनुसार 2 हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में तैनात किया गया। 14 फरवरी की शाम 6 बजे से सोमवार रात महाकाल मंदिर के पट बंद होने तक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहे। इसमें से 250 पुलिसकर्मियों ने वीआईपी व्यवस्था संभाली और 150 महिला पुलिसकर्मी महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रहीं। इसके अलावा 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, 5 ड्रोन कैमरे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित निगरानी प्रणाली से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी गई। पर्व के शांतिपूर्ण निपटने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Advertisement

प्रशासक ने जताया आभार

प्रशासक कौशिक ने इस आयोजन की सफलता का श्रेय मंदिर के पुजारियों, पुरोहितों और अधिकारियों एवं मंदिर कर्मचारियों को दिया जिन्होंने शिव नवरात्रि और महाशिवरात्रि के दौरान निर्बाध पूजन कार्य करवाया। साथ ही उन्होंने जिला और पुलिस प्रशासन के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया जिनकी सक्रियता से श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने विशेष रूप से मीडियाकर्मियों को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और सटीक जानकारी को आमजनों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Advertisement

सेहरे में सजे भगवान त्रिलोकेश्वर

उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व शहर में धूमधाम से मनाया गया। शिवालयों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान होते रहे। फ्रीगंज स्थित त्रिलोकेश्वर महादेव मंदिर को पर्व के अवसर पर फूलों से सजाया गया। महाशिवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को भगवान का सेहरा शृंगार किया गया। इसमें फूलों के साथ फलों की मालाएं भी धारण करवाई गई। दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने पहुंचते रहे। इसके अलावा भगवान त्रिलोकेश्वर को बेसन के लड्डुओं का भोग भी लगाया गया जिसे प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं को बांटा गया। बाबा का सेहरे में दिव्य स्वरूप देख भक्त भी भावविभोर हो गए।

Related Articles

Write a review