कल से शहर में रोज चलेंगे नल, पीएचई तैयार
गंभीर डेम पर आज पूजन फिर निरीक्षण
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन
गंभीर डेम लबालब होने से शहर के लोगों को पेयजल प्रदाय करने का संकट अब पूरी तरह से टल गया है। सोमवार से महापौर मुकेश टटवाल की घोषणा के अनुसार शहर में रोज जलप्रदाय शुरू कर दिया जाएगा। आज रविवार को गंभीर डेम पर पूजा अर्चना की जाएगी। इसके बाद निरीक्षण भी किया जाएगा।
2250 एमसीएफटी क्षमता का गंभीर डेम शुक्रवार रात को ही लबालब हो गया है। डेम का लेवल बनाने के लिए गेट भी खोले जा रहे हैं। डेम खाली होने के कारण शहर में एक दिन छोड़कर पेयजल सप्लाई किया जा रहा था। जलकार्य समिति के प्रभारी रविवार दोपहर 3 बजे से डेम पर महादेव का पूजन अभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री, विधायक और पार्षदों के भी रहेंगे। पूजन के बाद डेम का निरीक्षण कर जरूरी कार्य करने पर विचार किया जाएगा।
बारिश से मिट्टी का कटाव
उज्जैन। कान्ह नदी के तेज बहाव के कारण कई गांवों में मिट्टी का कटाव हो रहा है। गंगेड़ी क्षेत्र में पिछले तेज बारिश के कारण कई जगह मिट्टी कटाव होने से यहां लगे पेड़ व बड़े पौधे बह गए। पक्के रोड के किनारे की मिट्टी भी बह गई। शनि मंदिर के पास कान्ह नदी पर बनाया कच्चा पाला टूट गया। यहां भी पानी बढऩे से मिट्टी और पेड़-पौधे नदी में धंस रहे हैं।