उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से कांग्रेस के लिए बुरी खबर है। रायबरेली सदर से कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया।
अदिति सिंह पूर्व में सदर विधायक रहे अखिलेश कुमार सिंह की बेटी हैं। अखिलेश रायबरेली सदर सीट से पांच बार विधायक रह चुके थे। रायबरेली में उनकी अच्छी-खासी पैठ थी और गांधी परिवार से नजदीकियां भी। अगस्त 2019 में अखिलेश सिंह का निधन हो गया। पिता के निधन के बाद अदिति सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी। इतना ही नहीं, उन्होंने खुलकर कांग्रेस के खिलाफ बोला। 21 नवंबर 2019 को अदिति सिंह ने पंजाब के कांग्रेस विधायक अंगद सैनी से शादी कर ली थी।