कार्यकर्ता महाकुंभ में गरजे पीएम मोदी, कांग्रेस पर बोला हमला

नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने राजधानी के जंबूरी मैदान पर कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी चिरपरिचित शैली में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए जहां आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनके मन में जोश भरा, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस पर चुन-चुनकर प्रहार किए। इससे साथ-साथ उन्होंने अपने भाषण में खासकर युवा और महिला मतदाताओं पर फोकस करते हुए उन्हें विपक्षी दलों की स्वार्थ की सियासत से आगाह रहने की नसीहत दी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि ये जनसैलाब , ये उमंग, ये उत्साह, ये कार्यकर्ता का महाकुम्भ, महासंकल्प बहुत कुछ कहता है। ये दिखाता है कि मध्य प्रदेश के मन में क्या है। ये दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा।

ये दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला। मेरे परिवारजनों, मध्य प्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जनसंघ के जमाने से आजतक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश से निकले अनेक महान व्यक्तित्वों ने हमे आज यहां तक पहुंचाया है। अनेक लोगों का तप और त्याग भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है, इसलिए मध्य प्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का नहीं बल्कि विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।

मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो गए हैं, यानी जो युवा इस बार के चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की सरकार को ही देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, वो बुराइयां देखी नहीं है।

एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति , कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा, लेकिन कांग्रेस ने साधन-संपन्न मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया।

आने वाला चुनाव बहुत अहम है, हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगो ने बनाया है, वह विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं। हम अपने आसपास देख रहे हैं, जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे ये बर्बादी लाए, महाराष्ट्र में गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर 1 काम बना दिया। कांग्रेस जिस भी राज्य में गई, उसे बर्बाद कर दिया.

बीते 6 महीने में मोदी 7 बार मध्यप्रदेश आए

1 अप्रैल (भोपाल): पीएम ने भोपाल-दिल्ली वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई।

25 अप्रैल (रीवा): पंचायती राज सम्मेलन में शामिल हुए।

27 जून (भोपाल): भोपाल-जबलपुर और भोपाल-इंदौर वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई।

1 जुलाई (शहडोल): राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 लॉन्च किया।

12 अगस्त (सागर): संत रविदास मंदिर और स्मारक की आधारशिला रखी।

14 सितंबर (सागर): बीना रिफाइनरी में पेट्रो केमिकल प्लांट की आधारशिला रखी।

25 सितंबर (भोपाल): भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल।

Related Articles