केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत इंदौर में भाजपा के संभागीय सम्मेलन में रविवार को की।
इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि ‘मिस्टर बंटाधार’ और ‘करप्शन नाथ’ मप्र में कोई नया उद्योग नहीं ला पाए, सिवाय ट्रांसफर इंडस्ट्री के। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार मध्य प्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाएगी।
गृह मंत्री ने कहा कि पूरे देश में भाजपा का सबसे अच्छा संगठन मध्य प्रदेश में है। उन्होंने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने प्रदेश में संगठन को खड़ा किया है। यहां हर गांव हर बूथ में कमल देखने को मिलता है। आज 2023 के चुनाव की शुरुआत हो गई है। अब हर संभाग में ऐसे सम्मेलन होंगे। कार्यकर्ताओं का उत्साह बता रहा है कि 2023 और 2024 के चुनाव में परिणाम भाजपा के पक्ष में आएंगे।
शाह ने कहा कि मिस्टर बंटाधार और करप्शन नाथ प्रदेश में कोई नया उद्योग तो नहीं ला पाए। सिर्फ ट्रांसफर इंडस्ट्री शुरू कर पाए। शिवराज सरकार के समय की 51 योजनाएं बंद कर दी। योजनाओं के पैसे से टेंडर देकर सिर्फ कमीशन खाने का काम कांग्रेस सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि अब डबल इंजन सरकार मध्य प्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में नौ साल से नरेंद्र मोदी शासन कर रहे हैं। वे विश्व में देश का झंडा बुलंद करने का प्रयास करते हैं।