Sunday, May 28, 2023
Homeउज्जैन समाचारकोरोना: पॉजिटिव रेट 12.53 प्रतिशत जिले में 252 नए केस, संभलना जरूरी

कोरोना: पॉजिटिव रेट 12.53 प्रतिशत जिले में 252 नए केस, संभलना जरूरी

आरोपियों के संपर्क से नानाखेड़ा थाने के 11 पुलिसकर्मी संक्रमित

उज्जैन। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार को जारी बुलेटिन में 2011 लोगों की जांच में 252 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। कोरोना का पॉजिटिव रेट लगातार बढ़ता जा रहा हैं। बीते एक सप्ताह में एक बार भी संक्रमण की दर 5 प्रतिशत से नीचे नहीं आई।

बुधवार को यह आंकड़ा 12.53 प्रतिशत तक पहुंच गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में पॉजिटिव रेट प्रतिशत तक भी पहुंचने की आशंका है। इधर एक ही थाने के 11 पुलिसकर्मियों के पॉजिटिव होने से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। राहत कि बात यह है कि सभी को मामूली लक्षण हैं। इस कारण होम आइसोलेशन में रहने को कहा है।

पॉजिटिव रेट नीचे चल रही थी। मसलन तब हर सौ में से तीन या चार इससे कम लोग कोरोना संक्रमित पाए जा रहे थे, लेकिन दो सप्ताह में ही संक्रमण ने पूरी तस्वीर बदल दी है। स्थिति यह है कि वर्तमान में हर सौ में से 10 से 12 या इससे अधिक लोग कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। इसका असर एक्टिव केस पर पड़ रहा है।

जनवरी की शुरुआत में जहां एक्टिव केस करीब 25 थे, वहीं बुधवार तक जिले में एक्टिव केस की संख्या 1582 पहुंच गई। महीना खत्म होते-होते यह आंकड़ा दो हजार तक पहुंच सकता है। जानकार संक्रमण की इस रफ्तार को आगामी दिनों के लिए खतरनाक मान रहे हैं। संक्रमण की भयावता से बचने के लिए इसकी रफ्तार में कमी लाने के हर संभव प्रयास करना जरूरी होंगे।

पुलिस जवानों को सतर्कता की हिदायत
सूत्रों के मुताबिक बुधवार को पॉजिटिव आने वालों में नानाखेड़ा थाने के 10 पुलिसकर्मी शामिल है। पिछले 7 दिनों से लगातार पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं, इनमें बड़ी संख्या में 32वीं बटालियन के पुलिसकर्मी भी शामिल है। बताया जाता है कि महाश्वेता नगर और महानंदा नगर में एक ही परिवार के अनेक सदस्य की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नानाखेड़ा थाने के 11 पुलिसकर्मी बुधवार को कोरोना संक्रमित मिले हैं।

इससे थाने में हड़कंप मच गया। दरअसल पुलिस ने तीन दिन पूर्व लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक संक्रमित पाया गया था। आरोपियों के संपर्क में आने वाले 25 पुलिसकर्मियों की आरटीपीसीआर जांच करवाई थी। बुधवार को जांच रिपोर्ट आई है। इसमें 11 पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

इनमें एक एसआई, तीन प्रधान आरक्षक, 7 आरक्षक शामिल है। टीआई अहिर के अनुसार सभी पुलिसकर्मियों की हालत ठीक है। सभी को मामूली लक्षण हैं। इस कारण होम आइसोलेशन में रखा गया है। एक साथ 11 पुलिसकर्मियों के संक्रमित पाए जाने के बाद थाने को भी सैनेटाइज करवाया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को कहा है कि तबीयत खराब होने पर तत्काल अपनी कोरोना की जांच करवाएं।

सबसे अधिक उज्जैन शहर में

कोविड थर्ड वेव का असर जिले के सभी क्षेत्र में बना हुआ है। इसमें सबसे अधिक प्रभावित उज्जैन शहर है। बुधवार देर रात जारी कोविड बुलेटिन के अनुसार जिले में 252 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। साथ ही उज्जैन में एक्टिव कोविड पेशेंट की संख्या बढ़कर 1582 तक पहुंच गई है।

इसमें उज्जैन शहर में 226, उज्जैन ग्रामीण 11, बडऩगर 01, तराना 04, घट्टिया में 02, नागदा में 01 और खाचरौद में 06 पेशेंट मिले हैं। बुधवार को 2011 टेस्ट किए गए। इसमें से 252 पॉजिटिव निकले। पॉजिटिविटी रेट 12.53 प्रतिशत रही। 13 मरीज कोविड केयर सेंटर, डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में 14 मरीज भर्ती है, वहीं मरीज होम आइसोलेशन में है। साथ ही 79 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।

कम लक्षण वाले मरीज अधिक…
वर्तमान में जहां रोज बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं, वहीं इनमें से अधिकांश को कम या ना के बराबर लक्षण है। कई मरीज ऐसे भी मिल रहे हैं जिन्हें संक्रमित होने का अहसास तक नहीं है। इस तरह के मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। यही कारण है जिले में 1554 होम आइसोलेशन हैं।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर