गरोठ रोड पर सडक़ हादसे में पिता-पुत्र की मौत

उज्जैन। उज्जैन-गरोठ रोड पर शराब दुकान के नजदीक शनिवार रात सडक़ हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 11 साल के एक बच्चे और उसके पिता की मौत हो गई है, बच्चे की मां और 3 साल का छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हुए है। मृतकों के नाम मुकर्रम हुसैन पिता शरीफुद्दीन (38) व आसिफ उम्र (११) है। मुकर्रम की पत्नी निगार और पांच साल का बेटा मुकरीब दोनों को ही चरक अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुकर्रम मंदसौर जिले के शामगढ़ का रहने वाला है। पत्नी निगार का उज्जैन में आगर रोड पर नई आबादी में मायका है। पति-पत्नी और दो बेटे चारों ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर शनिवार की शाम शामगढ़ से उज्जैन आ रहे थे। गरोठ रोड पर शराब दुकान के नजदीक पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने इन्हें टक्कर मार दी।
चारों घायलों को राहगीरों की मदद से आरडी गार्डी मेडिकल कालेज ले पहुंचाया गया, जहां आसिफ को मृत घोषित कर दिया गया। मुकर्रम की हालत गंभीर थी, उसे इंदौर रेफर किया गया। रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। चिमनगंज मंडी पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घायल ई-रिक्शा चालक की भी मौत
नागदा में सोयाचौपाल के नजदीक सडक़ हादसे में घायल हुए एक ई रिक्शा चालक की भी मौत हो गई है। मोहना गांव में रहने वाला गोविंद पिता नागूराम पंवार उज्जैन में ई रिक्शा चलाता था। शनिवार की शाम एक तूफान गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी थी। गोविंद को शाम को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां रविवार तडक़े उसने दम तोड़ दिया। एक अन्य घटना में आगर जिले के डबरिया गांव में रहने वाले जितेंद्र पिता मानसिंह उम्र 40 साल की भी मौत हो गई। दो दिन पहले जितेंद्र ट्रेक्टर की चपेट में आकर घायल हो गया था।









