घर में अकेली पाकर किशोरी से किया दुष्कर्म
उज्जैन। घर में किशोरी को अकेला पाकर गांव के ही युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि लसूडिय़ा में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के परिजन नागदा में बाजार से खरीदी करने गये थे। इसी दौरान सुबह 10.30 बजे गांव में रहने वाला जीवन पिता दुला बागरी 24 वर्ष उसके घर पहुंचा और किशोरी को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
गांव के लोगों ने किशोरी के परिजनों को इसकी सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने पीडि़ता की मां की रिपोर्ट पर दुष्कर्म सहित पास्को एक्ट में केस दर्ज कर जीवन को हिरासत में लिया।
दिल्ली के युवक का सुलभ कॉम्पलेक्स से पर्स चोरी
उज्जैन। दिल्ली से उज्जैन आया युवक सुबह दूधतलाई स्थित सुलभ काम्पलेक्स गया जहां नहाने के दौरान उसके पेंट की जेब से अज्ञात बदमाश ने पर्स चोरी कर लिया। उसने डायल 100 को सूचना दी और दो संदिग्धों को लेकर देवासगेट थाने पहुंचा।
सुरेन्द्र सिंह पिता महेन्द्र सिंह निवासी दिल्ली सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस से उज्जैन स्टेशन पहुंचा। यहां से वह दूधतलाई स्थित सुलभ काम्पलेक्स गया जहां नहाने के पहले उसने कपड़े उतारकर कील पर टांग दिये। नहाने के बाद वह कपड़े पहन रहा था तभी देखा पेंट की जेब में रखा पर्स नहीं था।
उसने यहां मौजूद दो संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ की। दोनों युवक तलाशी देने में आनाकानी करने लगे तो डायल 100 को सूचना देकर उनके साथ देवासगेट थाने पहुंचा जहां पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी ली। हालांकि इनके पास से रुपये बरामद नहीं हुए थे।