Wednesday, October 4, 2023
Homeउज्जैन समाचारचंद्रमौलेश्वर और कोटेश्वर महादेव पूजन के साथ शिवनवरात्रि का शुभारंभ

चंद्रमौलेश्वर और कोटेश्वर महादेव पूजन के साथ शिवनवरात्रि का शुभारंभ

उज्जैन। महाशिवरात्रि का पर्व 18 फरवरी को मनाया जाएगा। इसके पूर्व श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार से शिव नवरात्रि की शुरुआत हुई। भगवान महाकाल भक्तों को दूल्हा रूप में दर्शन देंगे। सुबह ८ से शाम ४ बजे तक पूजा अर्चना के विविध क्रम चलेंगे। मंदिर के गर्भगृह में सुबह ९ से शाम ४ बजे तक भक्तों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

पुजारी आशीष गुरु ने बताया कि फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि से शुक्रवार को शिवनवरात्रि की शुरुआत हुई। परंपरानुसार प्रात:काल चंद्रमौलेश्वर की पूजा की गई। इसके पश्चात शासकीय पूजारी पं. घनश्याम गुरु ढोल-ढमाकों के साथ कोटेश्वर महादेव की पूजा करने पहुंचे। भगवान कोटेश्वर और रामेश्वर महादेव का पंचामृत अभिषेक कर हल्दी चढ़ाई गई। मंदिर समिति की ओर से 11 ब्राम्हण व दो सहायक पुजारियों को एक-एक सोला तथा 51 रुपए भेंट प्रदान की। इसके बाद भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक पूजन किया गया और घनश्याम गुरुजी के आचार्यत्व में एकादशनी रूद्रअभिषेक आरंभ हुआ।

शाम को होगा विशेष श्रृंगार…..

शिवनवरात्रि के दौरान भगवान की नियमित दिनचर्या में बदलाव हो जाता है। प्रतिदिन सुबह १० बजे होने वाली भोग आरती दोपहर १ बजे और शाम को होनेवाली संध्या पूजन ५ के बजाय दोपहर ३ बजे की जाती है। संध्या पूजन के बाद भगवान को नए वस्त्र सोला व दुपट्टा धारण कराए जाएंगे। इसी के साथ जलाधारी पर भी विशेष वस्त्र धारण किया जाएगा। प्रतिदिन संध्या पूजन के बाद नौ दिनों तक अलग-अलग स्वरूप में श्रृंगार किया जाएगा।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर