Sunday, September 24, 2023
Homeउज्जैन समाचारचलती ई-रिक्शा से बदमाश ने महिला का पर्स झपटा

चलती ई-रिक्शा से बदमाश ने महिला का पर्स झपटा

चलती ई-रिक्शा से बदमाश ने महिला का पर्स झपटा

आज सुबह शंकराचार्य चौराहे की घटना

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:महाराष्ट्र के नासिक से महाकाल दर्शन करने आई एक महिला के साथ बुधवार सुबह शंकराचार्य चौराहे पर चलती ई-रिक्शा में लूट की वारदात हो गई। बाइक सवार ने अपनी बाइक को ई-रिक्शा के साथ दौड़ाते हुए महिला का पर्स छीन लिया। ई-रिक्शा चालक ने उसका पीछा करने का प्रयास भी किया लेकिन गति कम होने के कारण वह भाग निकला।

महाकाल दर्शन करने आ रहे बाहर के श्रद्धालुओं के साथ लूट और चोरी की घटनाएं महाकाल थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ती जा रही है। आज बुधवार सुबह ९ बजे के करीब भी शंकराचार्य चौराहे के मोड पर बाहर से आई महिला श्रद्धालु के साथ लूट की घटना हो गई। महाकाल थाने पर घटना के बाद शिकायत दर्ज कराने पहुंची नासिक महाराष्ट्र निवासी अनिता काकड़े ने बताया कि वह महाकाल दर्शन करने के लिए उज्जैन आई थी। महाकाल दर्शन कर आज उनका तथा पति का ओंकारेश्वर दर्शन करने जाने का प्लान था।

शिप्रा स्नान के बाद आज सुबह वे ई-रिक्शा में सवार होकर बडऩगर रोड स्थित शंकराचार्य चौराहे से महाकाल की ओर जा रही थी, तभी चौराहे के मोड पर काले कपड़े पहने हुए बाइक सवार व्यक्ति ई-रिक्शा के करीब आया और उसने महिला के हाथ से हैंड पर्स झपटकर छीन लिया और तेजी से भाग निकला। महिला तथा उनके पति ने ई-रिक्शा चालक से बाइक सवार का पीछा करने को कहा।

ई-रिक्शा चालक विकलांग था, लेकिन उसने ई-रिक्शा को तेज दौड़ाकर पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बाइक की गति अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो पाया। महिला ने ई-रिक्शा चालक को थाने चलने का कहा। महाकाल थाने आकर उन्होंने पुलिस को पूरी घटना बताई। फरियादी ने कहा कि वहां चौराहे पर पांच सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। पुलिस चाहे तो तत्काल उसकी पहचान कर आरोपी को पकड़ सकती है। लेकिन थाने पर केवल महिला से शिकायती आवेदन लेकर उन्हें चलता कर दिया गया। पुलिस के अनुसार पर्स में महिला का २५ हजार कीमत का मोबाईल, ६ हजार नकदी और जरूरी दस्तावेज थे।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर