छात्राओं के साथ घूमने आए युवक की पिटाई

रेलवे स्टेशन के बाहर हिंदूवादी संगठन ने पीटा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रेलवे स्टेशन पर अल्पसंख्यक वर्ग के युवक को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पीट दिया। वह तीन छात्राओं के साथ घूमने आया था। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है जिसका वीडियो शनिवार को वायरल हो गया। इसमें कार्यकर्ता युवक से नाम पूछने के बाद उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। 20वर्षीय युवक का नाम शेख अमन निवासी ग्राम अमदरा, सतना है। वह तीन छात्राओं के साथ घूमने आया था।
छात्राओं को उसने अपना दोस्त बताया था। इसकी सूचना हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को लगी तो उन्होंने युवक से बात की। इसके बाद उसका आधार देखा तो पता चला कि शेख अमन सतना से पहले भोपाल फिर वहां से उज्जैन पहुंचा था। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शेख की जमकर पिटाई कर दी।
घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें रेलवे स्टेशन के बाहर हिंदूवादी कार्यकर्ता युवक को पीटते दिखाई दे रहे हैं। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को भी दी जिसके बाद एफआरवी मौके पर पहुंची और तीनों छात्रा और छात्र को जीआरपी के हवाले किया। जिन्हें थाने में बैठाया गया है और उनके परिवार वालों को सूचना दे दी है।
वीडियो नहीं देखा
अभी तक मैंने वीडियो नहीं देखा है। चारों स्टूडेंट्स हैं और एक-दूसरे को जानते हैं। सभी दर्शन करने के लिए उज्जैन आए थे। उनके पैरेंट्स से बात की है, उन्हें भी उनके उज्जैन आने की जानकारी है। परिजन उज्जैन आने के लिए निकल चुके हैं और रास्ते में हैं।
अमित भावसार
टीआई, जीआरपी थाना









