Friday, September 22, 2023
Homeउज्जैन समाचारजियो और जीने दो के संदेश के साथ निकली भगवान महावीर की...

जियो और जीने दो के संदेश के साथ निकली भगवान महावीर की शोभायात्रा

चांदी की वेदी जी में सवार होकर निकले भगवान महावीर

आस्था और उमंग के साथ शामिल हुए दिगंबर जैन समाजजन

अक्षरविश्व प्रतिनिधि .उज्जैन। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जन्म जयंती के अवसर पर सोमवार को दिगंबर जैन समाज ने शहर में धूमधाम से शोभायात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए जो बैंड बाजों के साथ भजनों पर झूमते व भगवान महावीर के जियो और जीने दो का संदेश के जयकारे लगाते चल रहे थे।

नमक मंडी दिगंबर जैन मंदिर से से भगवान महावीर की चांदी की वेदीजी पूरे वैभव के साथ निकाली गई। जुलूस में ढोल, 24 तीर्थंकरों के चित्र, भगवान के रथ के अलावा सुंदर गुलाबी पोशाक में महिलाएं और युवतियों के साथ बच्चे सहित सैकड़ों दिगंबर जैन समाजजन मौजूद थे।

शोभायात्रा में जैन मुनि आचार्य उत्कर्ष सागर जी महाराज शामिल थे। जुलूस में सबसे आगे म 24 तीर्थंकर के चित्र थे। भजनों पर समाज की महिलाएं, युवतियां और पुरुष भक्ति और श्रद्धा के साथ भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए जियो और जिने दो का संदेश देते चल रहे थे।

जुलूस में शामिल ताशा पार्टी आकर्षण का केंद्र रही। इनके पीछे चांदी की वेदी जी में भगवान महावीर विराजमान थे। शोभायात्रा सती गेट, कंठाल, फव्वारा चौक, इंदौर गेट, साखीपुरा, तोपखाना, गुदरी, पटनी बाजार होते हुए छत्री चौक होते हुए पुन: नमक मंडी पर समाप्त हुई। इसके बाद शोभायात्रा जयसिंह पुरा स्थित श्री नेमीनाथ दिगंबर जैन मंदिर पर पहुंची। जहां 1008 भगवान महावीर का कलशाभिषेक किया गया।

आज शाम तपोभूमि पर कार्यक्रम:

आज शाम 4 बजे तपोभूमि पर रथ यात्रा तथा जन्म कल्याणक अभिषेक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें बड़ी संख्या में दिगंबर जैन समाज जन मौजूद रहेंगे।

श्री सुकुमाल चरित्रम महानाट्य- शाम 7.30 बजे से बिनोद मिल परिसर स्थित श्रीशांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पर महामुनिराज सुकुमाल मुनि के पावन जीवन चरित्र, पूर्व भवों की गाथा पर आर्धारित श्री सुकुमाल चरित्रम महानाट्य का मंचन किया जाएगा।

आज शाम निकलेगी रथ यात्रा

महावीर जयंती के उपलक्ष में आज शाम 4 बजे तपोभूमि पर रथ यात्रा तथा जन्म कल्याणक अभिषेक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें बड़ी संख्या में दिगंबर जैन समाज जन मौजूद रहेंगे। इसके पश्चात वात्सल्य भोज व शाम 7 बजे से भगवान महावीर को पालना झुलाया जाएगा।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर