जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शंखनाद, सुहानी को लगा पहला टीका

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को लगेगा टीका, 3 माह चलेगा अभियान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जिले में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) की रोकथाम के लिए शनिवार को निशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान शनिवार से शुरू हो गया। जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट की उपस्थिति में सिविल अस्पताल माधवनगर में सुहानी कुमावत को जिले का पहला एचपीवी वैक्सीन लगाकर इस मुहिम की शुरुआत की गई।
अभियान के दौरान कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने भी माधवनगर अस्पताल पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें इस टीके के महत्व के बारे में जागरूक किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जाएं और कोई भी पात्र बालिका इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे। शुभारंभ के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल, सिविल सर्जन डॉ. संगीता पलसानिया सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।
अभियान से जुड़ी जरूरी बातें
लक्ष्य: 14 से 15 वर्ष की आयु की सभी किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण।
विशेष छूट: शासन के निर्देशानुसार, 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को 90 दिन की विशेष छूट दी गई है।
अवधि: अभियान 3 माह तक निरंतर जारी रहेगा।
प्रक्रिया: टीका बाएं हाथ की ऊपरी बाजू में लगाया जा रहा है।
विशेष निर्देश: टीका खाली पेट नहीं लगवाना है। जिन बालिकाओं ने पहले ही निजी अस्पतालों में एचपीवी का टीका लगवा लिया है, उन्हें दोबारा टीकाकरण की आवश्यकता नहीं है।
इन स्थानों पर हो रहा टीकाकरण
आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल (चरक भवन) , सिविल अस्पताल माधवनगर, जीवाजीगंज अस्पताल, महिदपुर, नागदा, खाचरौद और बडऩगर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र – घट्टिया, नरवर, झार्डा, तराना और इंगोरिया।
यूवीन पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य
टीकाकरण के बाद हितग्राहियों को डिजिटल सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जा रहा है। पंजीयन के लिए एक वैध मोबाइल नंबर के साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल आईडी, अपार आईडी, पासबुक, राशन कार्ड, मार्कशीट, पेन आईडी में से कोई एक दस्तावेज होना जरूरी है।










