Monday, December 11, 2023
Homeउज्जैन समाचारजैन समाजजन लगायेंगे फ्लेक्स, मंदिर तोडऩे वालों को वोट नहीं

जैन समाजजन लगायेंगे फ्लेक्स, मंदिर तोडऩे वालों को वोट नहीं

धर्मस्थलों को हटाना बड़ी चुनौती… मस्जिद की दुकानें हटाने का विरोध, प्रशासन तक पहुंचा मामला

जैन समाजजन लगायेंगे फ्लेक्स, मंदिर तोडऩे वालों को वोट नहीं

रात में हुई जैन समाज की मीटिंग, सीएम से मिलने जाएंगे नागदाविहिप ने भी मंदिरों को हटाने के विरोध का संभाला मोर्चा

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:केडी गेट से इमली तिराहा तक रोड चौड़ीकरण में आ रहे धर्मस्थलों को हटाना या शिफ्ट करना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

जैन समाज ने तय किया है की सोमवार से शहर के सभी घरों पर फ्लेक्स लगाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा, जिस पर लिखा होगा मंदिर तोडऩे वालों को वोट नहीं। मस्जिद के नीचे की दुकानों को तोडऩे का विरोध भी बड़ी मुसीबत बन गया है। निगम के नोडल अधिकारी आदित्य नागर के सामने आशंका जताई गई है कि दुकानों को तोडऩे से मस्जिद गिर सकती है। दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद भी मंदिरों को हटाने के विरोध में मैदान में उतर गई है।

विधानसभा चुनाव से पहले रोड चौड़ीकरण करने के लिए नगर निगम प्रशासन को तीखे विरोध का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को निगम अधिकारियों ने जैन समाज के ट्रस्टियों को दो टूक चेतावनी दी कि आज शाम तक मंदिर का हिस्सा हटा लिया जाए नहीं तो निगम की 18 जेसीबी एक साथ चलेगी।

इसको लेकर दिगंबर और श्वेतांबर जैन समाज की संयुक्त बैठक रविवार रात हुई, जिसमें तीन अहम फैसले लिए गए। विधायक पारस जैन ने भी इस मामले में महापौर और निगम अधिकारियों से बात की है।

निगम अधिकारियों ने मस्जिद की दुकानों को भी हटाने का अल्टीमेटम दिया। इसको लेकर भी विरोध सामने आया। दुकानदारों ने भी यह आशंका जताई है कि दुकानों को तोडऩे से पूरी मस्जिद गिर जाएगी। इस मामले को लेकर अब निगम और प्रशासन के अधिकारी नए सिरे से मंथन कर रहे हैं। विहिप पदाधिकारियों ने भी मंदिरों को शिफ्ट करने का विरोध दर्ज कराया है।

चौड़ीकरण के लिए एक साथ सभी धर्मस्थलों को हटाया जाएगा। इसके लिए सभी धर्मस्थल प्रमुखों से बात हुई है। बिना धर्मस्थल हटाए चौड़ीकरण का कोई अर्थ नहीं। मस्जिद के नीचे की दुकानों को हटाने के लिए भी मोहलत दी है।
आदित्य नागर, अपर आयुक्त और नोडल अधिकारी रोड चौड़ीकरण

जैन समाज के तीन फैसले

श्री आदिश्वर चंदप्रभु जैन मंदिर ट्रस्ट के अभय मेहता ने बताया रविवार रात हुई बैठक में ये तीन फैसले लिए गए हैं

1. अगर जेसीबी मंदिर का हिस्सा हटाने आई तो समाज के लोग उसके आगे लेट जाएंगे और विरोध दर्ज कराएंगे।

2. सोमवार से शहर के सभी जैन समाज के घरों के बाहर फ्लैक्स लगाए जाएंगे। जिन पर लिखा होगा मंदिर हटाने वालों को वोट नहीं देंगे।

3. 20 जुलाई को नागदा में प्रतिनिधिमंडल सीएम शिवराजसिंह चौहान से मिलने जाएगा और मंदिरों को हटाने का विरोध दर्ज कराएगा।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर