नई दिल्ली : टमाटर की कीमतें आसमान में हैं। ऐसे में केंद्र सरकार की तरफ से एक राहत भरी खबर आई है। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के विभाग ने कहा है कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर रियायती दर पर टमाटर उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था परसों शुक्रवार से शुरू हो रही है।
केंद्र सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र से टमाटर खरीदने का फैसला किया है। ऐसा इसलिए ताकि राष्ट्रीय राजधनी दिल्ली और एनसीआर में टमाटर की कीमतों पर नकेल कसा जा सके। सरकार की तरफ से केंद्र सरकार की एजेंसी नेफेड इन राज्यों से टमाटर का प्रोक्यूरमेंट करेगी।
उसे दिल्ली लाकर कुछ डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर्स पर वितरित किए जाएंगे। यह डिस्ट्रीब्यूशन रियायती दरों पर होगी। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के विभाग से जुड़े सरकारी सूत्रों ने बताया कि नेफेड और एनसीसीएफ को फौरन आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र के मंडियों से टमाटर खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।
टमाटर का प्रोडक्शन देश के लगभग सभी राज्यों में होता है। लेकिन इन दिनों टमाटर का ज्यादा उत्पादन दक्षिण और पश्चिमी भारत के राज्यों में होता है। इन राज्यों में करीब 58 फीसदी टमाटर का उत्पादन होता है।