टीम इंडिया की जीत पर पटाखे फोडऩे को लेकर विवाद, महिलाओं सहित 10 घायल

राज रॉयल कॉलोनी में मुस्लिम संप्रदाय के पड़ोसी ने किया हमला
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भारत की टी-20 वल्र्ड कप की जीत का जश्न रविवार रात चिमनगंज थाना क्षेत्र में खूनी संघर्ष में बदल गया। जीरो पॉइंट ब्रिज के समीप राज रॉयल कॉलोनी में पटाखे फोडऩे को लेकर दो समुदायों के बीच चले लाठी-डंडे और चाकू में 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार राज रॉयल कॉलोनी मेें भारतीय टीम की जीत पर पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान यहीं के फ्रूट व्यवसायी वाहिद खान ने बेटे शादाब के सवा साल के बच्चे के पटाखे से डरने का हवाला देते हुए पटाखे कहीं और फोडऩे को कहा। बावजूद इसके लोग पटाखे फोड़ते रहे तो कहासुनी शुरू हुई और जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई।
आरोप है कि करीब एक दर्जन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हथियार से हमला कर दिया। इससे 11 वर्षीय दृष्टि हाड़ा के हाथ में चाकू, रवींद्र हाड़ा, मनीष मेहरले, अनिता, विमला मालवीय, पंकज कैलाश, विशाल मरमट सहित कई लोग शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से शादाब खान, वाहिद खान और एक महिला के भी घायल होने की सूचना है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
थाने पहुंचे हिंदू संगठन, पुलिस पर देरी का आरोप
हिंदू संगठन के लोगों ने चिमनगंज पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक रितेश माहेश्वरी ने बताया कि कॉलोनी में पहले भी विवाद हो चुके हैं। यदि पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की तो उग्र विरोध किया जाएगा। चिमनगंज पुलिस ने क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर हमले में घायल शादाब संजीवनी अस्पताल में भर्ती है। उसके मामा सलीम खान ने बताया कि बच्चे की तबीयत खराब होने का हवाला देकर पटाखा फोडऩे से मना किया था लेकिन लोग दरवाजे पर ही पटाखे फोडऩे लगे। इसी बात को लेकर संघर्ष हुआ, उनका भांजा शादाब भी पाइप लगने से घायल हुआ है।
आपसी विवाद में तलवार से हमला
उज्जैन। नागझिरी थाना क्षेत्र में नूरानी मस्जिद के पास रहने वाले नंदू उर्फ नंदकिशोर पिता राजेंद्र प्रसाद दुबे को तलवार मार दी। उसकी बेटी रिश्तेदार नितिन पिता महेश प्रसाद दुबे के यहां गई थी। नंदू ने अपने बेटी को वहां नहीं जाने की समझाइश दी और नितिन दुबे को फोन लगाकर बेटी को वहां नहीं बुलाने की बात कही। इसी से नाराज होकर रविवार रात नितिन और उसका भाई यश नंदू के घर में घुसे और फिर नितिन ने तलवार से हमला कर दिया जिससे नंदू घायल हो गया।
रुपए के लेन-देन में पिता-पुत्र को पीटा
उज्जैन। रविवार रात एक आधा दर्जन लोगों ने घर में घुसकर हमला किया और पिता-पुत्र को घायल कर दिया। घटना किशनपुरा की है। यहां रहने वाले गजराज पिता धन्नालाल लोदवाल (58) व उनके बेटे कौशल (28) के साथ किशनपुरा के ही आरोपीगण दिनेश, जतिन मरमट, अजीत, सुमित, रोहित, रितिक, आकाश, विकास, मुन्ना मरमट व इनके साथियों ने बुरी तरह मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी दिनेश से गजराज का दो हजार रुपए के लेनदेन का विवाद था। इसी बात पर रविवार रात करीब 10.30 बजे आरोपियों ने उनके घर पर हमला कर दिया और पिता-पुत्र को घर से निकालकर बुरी तरह पीटा।









