उज्जैन। माघ मास की संकष्टी तिल चतुर्थी पर शुक्रवार को चिंतामन गणेश मंदिर में भगवान गणेश को तिल के 11 हजार लड्डुओं के साथ तिल से बने 108 पकवानों का महाभोग लगाया गया। मंदिर में आकर्षक पुष्प सज्जा की गई। पुजारी पं. शंकर गुरु ने बताया कि वर्षभर में आने वाली 12 संकष्टी चतुर्थियों में माघ मास के कृष्ण पक्ष की तिल चतुर्थी विशेष है। इस दिन भगवान गणपति को तिल, गुड़ से बने पकवानों का भोग लगाने का महत्व है।
परंपरा अनुसार शुक्रवार को माघी चतुर्थी महोत्सव मनाया गया। तड़के चार बजे मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद भगवान चिंतामन गणेश का पंचामृत अभिषेक पूजन कर पूर्ण स्वरूप में श्रृंगार किया गया। तिल्ली के 11 हजार लड्डू तथा तिल से बने 108 पकवानों का महाभोग लगाकर आरती की गई। सुबह छह बजे से आम दर्शन का सिलसिला शुरू जो रात 10 बजे तक चलेगा। पर्व विशेष पर मंदिर में आकर्षक पुष्प व विद्युत सज्जा की गई है।