Monday, December 4, 2023
Homeदेशतूफान का असर.. छाए बादल, 12KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं

तूफान का असर.. छाए बादल, 12KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं

तूफान का असर.. छाए बादल, 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं

दिन के तापमान में गिरावट दर्ज

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:पिछले 48 घंटों से बिपरजॉय तूफान का असर शहर में नजर आ रहा है। इस अवधि में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज हुई है। न्यूनतम तापमान भी नीचे आया है। कल दिनभर 16 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रही। रविवार सुबह भी १२ किमी प्रतिघंटे की गति से हवाएं चल रही थी। बादलों के डेरे के कारण मौसम में सुबह के समय मामूली ठंडक भी थी। शाम तक बारिश की संभावना भी जताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि अरब सागर से उठे तूफान बिपरजॉय का असर शहर में लगातार दो दिनों से नजर आ रहा है। हालांकि यह तूफान कल शाम तक राजस्थान में प्रवेश कर गया था। बावजूद इसके मालवांचल समेत उज्जैन में इसका साफ असर नजर आ रहा है। वेधशाला डॉ. आरपी गुप्त ने बताया कि तूफान के असर के चलते शनिवार को १२ से १६ किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रही।

वहीं रविवार सुबह से ही १२ किमी प्रतिघंटे की गति से हवाएं चल रही है। हवाओं के साथ बादल भी छाए हुए हैं। कल के मुकाबले आज बादल काले तथा घने भी हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शहर सहित जिले में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।

वातावरण में नमी बरकरार

डॉ. गुप्त ने बताया कि बिपरजॉय तूफान का असर शहर में गुरुवार देर शाम से नजर आने लगा था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान २७ तथा अधिकतम तापमान ३६.५ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था, लेकिन हवा और बादलों के कारण अगले दिन शनिवार को यह घटकर क्रमश: २६.८ और ३४.४ डिग्री सेल्सियस पर आ गए थे। ऐसे में तूफान के चलते ४८ घंटों में अधिकतम तापमान में २.१ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। न्यूनतम तापमान भी ०.६ डिग्री सेल्सियस घटा है। बीती रात भी न्यूनतम तापमान २६.४ डिग्री सेल्सियस था। इस दौरान रविवार सुबह मौसम में नमी का स्तर ६७ प्रतिशत बना हुआ था। एक दिन पहले भी नमी का स्तर इसके आसपास रहा था।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर