नगर निगम के सफाई कर्मचारी पर तलवार तानी, मारपीट भी की

गीला-सूखा कचरा अलग करने की बात पर फाजलपुरा की गली नं. 3 में विवाद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
एफआईआर करवाने बड़ी संख्या में चिमनगंज थाने पहुंचे सफाईकर्मी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। फाजलपुरा की गली नंबर 3 में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब गीला-सूखा कचरा अलग करने की बात को लेकर एक शख्स ने सफाई कर्मचारी पर तलवार निकाल ली। इसके बाद उसने मारपीट भी की। घटना के बाद बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी चिमनगंज थाने पहुंचे और टीआई को शिकायत की।
मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह 7 से 7.30 बजे के बीच की है। फाजलपुरा में सफाईकर्मियों की टीम काम कर रही थी। गली नंबर 3 में जगह कम होने से कचरा कलेक्शन वाहन अंदर नहीं जाता इसलिए हैंडकार्ट से कचरा एकत्रित किया जाता है। सुबह गली नंबर 3 में सफाईकर्मी फैजान पिता जफर निवासी हेलावाड़ी हैंडकार्ट लेकर कचरा कलेक्शन करने के लिए गया था। इस दौरान गली में रहने वाले कादर नामक शख्स कचरा डालने आया। फैजान ने उसे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डालने के लिए कहा। इसी बात पर बहस शुरू हो गई और कादर ने फैजान से मारपीट शुरू कर दी।
शोरगुल की आवाज सुनकर कचरा गाड़ी का ड्राइवर कलीम पिता सलीम खान निवासी हेलावाड़ी और अन्य सफाईकर्मी बीच-बचाव करने पहुंचे तो कादर ने सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए घर के अंदर से तलवार निकाल ली। बताया जा रहा है कि वह तलवार लेकर फैजान के पीछे भी दौड़ा। इसके बाद सफाईकर्मियों की भीड़ एकत्रित हो गई और सभी शिकायत करने के लिए चिमनगंज थाने पहुंचे। यहां उन्होंने टीआई गजेंद्र पचौरिया को मामले की जानकारी दी। खबर लिखे जाने तक सफाईकर्मी चिमनगंज थाने पर ही मौजूद थे।
15 सेकंड का वीडियो भी सामने आया
इस घटना का 15 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है जिसमें कादर तलवार निकालते हुए दिख रहा है और लोगों की भीड़ उसे रोकने की कोशिश कर रही है। सफाईकर्मियों ने यह वीडियो भी चिमनगंज मंडी पुलिस को सौंपा है और कार्रवाई की मांग की है।









