मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने दिया धरना, निगम कमिश्नर कार्यालय पर चस्पा किया ज्ञापन
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन। बिजली, पानी सहित शहर के वार्डो में व्याप्त समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षद दल द्वारा बुधवार को आक्रोश जताया गया और नेता प्रतिपक्ष के साथ निगम गेट पर कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान जब समस्याएं सुनने निगम कमिश्नर नहीं पहुंचे तो उन्होंने ज्ञापन निगम कमिश्नर के कार्यालय पर चस्पा कर दिया।
धरना दे रहे नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि वार्डो में कचरा एकत्रित करने हेतु कचरा वाहन उपलब्ध नहीं हैं, जिन वार्डो में कचरा वाहन उपलब्ध है। वह भी जर्जर वाहन पहुंच रहे है। आये दिन वाहन खराब हो रहे हैं जिसके कारण वार्डो का कचरा समय पर नहीं उठ पाता है। कचरा एकत्रित करने वाले वाहनों का समय भी निर्धारित नहीं हैं, नियमानुसार कचरा वाहन को दोनों समय वार्डो में आना हैं, परन्तु वह दोनों समय नहीं आ रहे है। माइक्रो प्लान के अनुसार वार्डो में सफाई कर्मचारियां पदस्थ नहीं हैं जिससे वार्डो में सफाई कर्मचारियों की कमी बनी हुई है।
दो साल से काम बंद, ठेकेदार भी परेशान
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 2022-23 में वार्डो के निर्माण कार्य नहीं हो पाये समस्त एनआईटी खाली गई। इस वर्ष 2023-2024 में भी यही स्थिति निर्मित है। ठेकेदार द्वारा कहा जा रहा हैं कि नगर निगम द्वारा समय पर भुगतान नहीं किया जाता हैं। यही कारण है कि ठेकेदार भी अधूरे कामों को पूरा करने में रूचि नहीं ले रहे है। इधर वार्डों में कार्य पूरे नहीं होने के कारण क्षेत्र की लोगों की नाराजगी पार्षदों के प्रति बड़ रही है।
एक दिन छोड़ भी नहीं मिल रहा साफ पानी
कांग्रेस पार्षदों ने बताया कि वार्डो में पेयजल की समस्या व्याप्त है, शहर में एक दिन छोडकर जल प्रदाय होने के बाद भी रहवासियों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जो पेयजल प्रदाय हो रहा है वह काफी गंदा बदबूदार हैं। वहीं वार्डो में अधिकांश स्ट्रीट लाईटे खराब होकर बंद अवस्था में पड़ी हुई हैं, जिसके कारण वार्डो में अंधेरा बना हुआ हैं, मेंटनेंस टीम से बात करने पर उनके द्वारा कहा जाता है कि हमारे पास सामग्री उपलब्ध नहीं हैं, प्रकाश विभाग के अधिकारियों से बात करों उनसे बात करने पर भी यही कहा जाता हैं कि अभी सामग्री नहीं हैं।
फोन तक नहीं उठाते अधिकारी
प्रदर्शन कर रहे पार्षद राजेन्द्र कुवाल, नाजिया कुरेशी, सपना सांखला, नजमा बी फिरोज पठान, हाजरा बी जाहिद हुसैन, निकिता मालवीय, छोटेलाल मण्डलोई, इमरान खान, पूनम जायसवाल, प्रेमलता रामी, रूखसाना बी ने कहा कि इन समस्त समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी निगम कमिश्नर को ज्ञापन देकर अवगत कराया गया था परन्तु आज तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं वार्डो में समस्याओं के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों से चर्चा करने के प्रयास करते हैं लेकिन उनके द्वारा मोबाईल फोन ही नहीं उठाया जाता हैं। कांग्रेस पार्षद दल ने कहा कि आम नागरिकों को हो रही असुविधाओं के निराकरण की मांग को लेकर 4 जुलाई को निगम गेट पर कृत्रिम भूख हड़ताल की जाएगी।