नीलगंगा से शांति नगर सड़क निर्माण में ढिलाई, जताई कड़ी नाराजगी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। विकास कार्यों में कछुआ चाल और ठेकेदारों की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने नीलगंगा से शांति नगर (गेल इंडिया) तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। मौके पर कार्य की धीमी गति और अव्यवस्था को देख आयुक्त ने संबंधित ठेकेदारों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दो टूक शब्दों में निर्देशित किया कि जो टास्क दिया गया है, उसे निर्धारित समय सीमा में ही पूरा करना होगा, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर दंडात्मक कार्यवाही के साथ-साथ प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना भी वसूला जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्यों में हो रही देरी के कारण क्षेत्र के नागरिकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे अब बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को आदेश दिए कि कार्यों में तत्काल गति लाते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। धूल और मलबे से होने वाली असुविधा को कम करने के लिए भी उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने जैसी कार्यवाही भी की जा सकती है।
प्रोजेक्ट की मुख्य विशेषताएं
कुल लंबाई
2.76 किमी (गेल इंडिया से नीलगंगा चौराहा)।
लागत
लगभग 40 करोड़ रुपये।
सुविधाएं
18 मीटर चौड़ा रोड, सेंट्रल लाइटिंग और पाथवे निर्माण।
सख्ती
कार्य में देरी होने पर ठेकेदार पर लगेगा प्रतिदिन का जुर्माना।
40 करोड़ रुपए की लागत से संवरेगा 2.76 किमी लंबा मार्ग
उल्लेखनीय है कि गेल इंडिया से केटीएम शोरूम होते हुए शांति नगर और नीलगंगा चौराहे तक 2.76 किमी लंबे मार्ग का कायाकल्प किया जा रहा है। लगभग 40 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से बनने वाला यह रोड 18 मीटर चौड़ा होगा। इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के अंतर्गत न केवल सड़क का चौड़ीकरण होगा, बल्कि इसमें आधुनिक सेंट्रल लाइटिंग, पैदल चलने वालों के लिए पाथवे (फुटपाथ) और सुंदर डिवाइडर का निर्माण भी शामिल है। इस मार्ग के तैयार होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यातायात का दबाव भी कम होगा।









