Friday, September 22, 2023
Homeउज्जैन समाचारनृसिंह जयंती कल: सुबह अभिषेक, शाम को शोभायात्रा

नृसिंह जयंती कल: सुबह अभिषेक, शाम को शोभायात्रा

उज्जैन। वैशाख शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी पर कल गुरुवार 4 मई को भगवान नरसिंह का प्रकट उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर सराफा स्थित लक्ष्मीनृसिंह मंदिर में सुबह भगवान को अभिषेक पूजन होगा, दोपहर में महाआरती और शाम को भगवान की शोभा यात्रा निकलेगी।

श्रीलक्ष्मीनृसिंह देव स्थान ट्रस्ट एवं श्रीमहेश पारमार्थिक न्यास द्वारा सराफा स्थित लक्ष्मीनृसिंह मंदिर में नृसिंह जयंती पर विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएगे। ट्रस्ट के सचिव मंगलप्रसाद भट्टड ने बताया कि इस अवसर पर कल सुबह ७ बजे प्रात: कालीन आरती होगी, इसके उपरांत भगवान नृसिंह का दुग्धधारा के साथ अभिषेक कर श्रृंगार किया जाएगा। इसके उपरांत १००८ कमलपुष्प अर्पित किए जाएगे। इसी के साथ मंदिर प्रांगण में भगवान की प्राकट्य कथा आरंभ होगी। दोपहर १२ बजे भगवान की महाआरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा। शाम को गोधूली बेला में भगवान नृसिंहजी की शोभायात्रा निकलेगी। इसमें हनुमान जी और नारदजी भगवान नृसिंह के साथ मंदिर से होते हुए छोटा सराफा और खड़े हनुमान मंदिर तक भ्रमण करेंगे। यात्रा के पुन: मंदिर आने पर भगवान की आरती की जाएगी और प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

अन्य मंदिरों में भी होंगे कार्यक्रम

कल नृसिंह जयंती के अवसर पर नृसिंह घाट स्थित नृसिंह मंदिर में भी विविध धार्मिक आयोजन होगे। यहां मंदिर की दीवार पर प्राचीन भगवान नृसिंह के वामन स्वरूप की प्रतिमा स्थापित है। इसके अलावा शहर के इस्कॉन मंदिर में भी नृसिंह जयंती के उपलब्ध में अनेक धार्मिक आयोजन किए जाएगे।

अति प्राचीन है मंदिर

श्रीभट्टड ने बताया कि यह मंदिर अतिप्राचीन है। पुराणों में भी इसका उल्लेख है। सिंहस्थ २०१६ के उपरांत मंदिर का जीर्णोद्धार भी करवाया गया था। नृसिंह जयंती के अतिरिक्त प्रतिदिन यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु ने हिरणकश्यप नामक राक्षस के वध के लिए आज ही के दिन नृसिंह अवतार लिया था।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर