परीक्षा में असफलता बनी काल इकलौते बेटे ने दी जान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गीता कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और पिता के निधन के बाद मां का एकमात्र सहारा था। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण सीए की परीक्षा में मिली असफलता को माना जा रहा है।

जीवाजीगंज पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान तृप्तजीत (20), पिता नरेंद्र सिंह टूटेजा के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली कि युवक ने घर में रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि तृप्तजीत के पिता का देहांत 15 साल पहले ही हो चुका था। वह अपनी मां के साथ रहता था और घर का इकलौता चिराग था। उसकी एक बड़ी बहन है, जो बैंगलुरु में रहती है। इकलौते बेटे की मौत से मां और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीए परीक्षा का तनाव बना मौत की वजह!
परिजनों के अनुसार, तृप्तजीत ने हाल ही में सीए की परीक्षा दी थी। परीक्षा परिणाम में असफल होने के बाद से वह संभवत: तनाव में था। परिजनों को अंदेशा है कि इसी विफलता के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।









