चौड़ीकरण कार्य के दौरान धमकाया
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन केडी गेट से इमली तिराहा तक रोड चौड़ीकरण में गुरुवार को नया मोड़ गया। निगम के कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर काम रोकने को कहा गया। इससे कर्मचारियों में डर बैठ गया। गुरुवार सुबह निगम की ओर से पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए आवेदन सौंपा गया है।
मामला बुधवार रात का बताया जा रहा है। निगम द्वारा रोड को तेजी से चौड़ा करने के लिए जेसीबी आदि से तोडफ़ोड़ की जा रही है। लालबाई फुलबाई चौराहे और गणेश नगर के बीच बुधवार रात को निगम के कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी बीच ड्राइवरों के पास कुछ कर्मचारी आए और पिस्टल दिखाकर कहा काम रोक दो, नहीं तो जान से मार देंगे।
गुरुवार को बात निगम के अधिकारियों तक पहुंची तो हलचल मच गई। निगम अधिकारियों के साथ जीवाजीगंज थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में भरत मालवीय का कहना है अज्ञात लोगों ने ड्राइवरों को गोली मारने की धमकी दी।