पीएम मोदी से मिले सीएम मोहन यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मनाए जा रहे ‘किसान कल्याण वर्ष’ के तहत चल रही योजनाओं, कार्यक्रमों और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री को दी। साथ ही राज्य की विकास योजनाओं और प्रगति से भी अवगत कराया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि विकास को गति देने, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य सरकार को मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए ‘किसान, महिला, गरीब और युवा’—इन चार वर्गों के सशक्तीकरण को केंद्र में रखकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत करीब 16 विभागों को जोड़कर समन्वित रूप से काम किया जा रहा है। इसमें कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और बागवानी जैसे क्षेत्रों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन से प्रदेश में शुरू की गई पहलें भविष्य में सकारात्मक परिणाम देंगी। राज्य सरकार केंद्र के साथ समन्वय बनाकर मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि निवेश, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में आने वाले समय में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होंगी।
नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संसद भवन का भी भ्रमण किया और विभिन्न सांसदों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने और कृषि व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।









