पैर के ऑपरेशन के लिए गया था ओटी के अंदर, डेढ़ घंटे बाद मिली मौत की खबर

आरडी गार्डी अस्पताल में बच्चे की मौत, हंगामा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में शुक्रवार को उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब डेढ़ वर्षीय मासूम की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया और नारेबाजी की।
नागझिरी क्षेत्र के निवासी प्रियांशु चंदेल का डेढ़ वर्षीय पुत्र राहुल सडक़ दुर्घटना में घायल हो गया था। उसके पैर में गंभीर चोट थी। उसे उपचार के लिए आरडी गार्डी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह करीब 9.40 बजे ऑपरेशन के लिए उसे ओटी में ले जाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन चलने के बावजूद डॉक्टरों ने उन्हें बच्चे की स्थिति की कोई जानकारी नहीं दी। करीब दो घंटे बाद अचानक सूचना दी कि बच्चे की सांसें रुक गई हैं और उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कुछ ही देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही मां पूजा और अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। पिता ने रुंधे गले से बताया कि बेटा ऑपरेशन थिएटर के अंदर हंसता-खेलता गया था, फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसकी जान चली गई।
जानकारी छुपाने का आरोप लगाया
मां पूजा का आरोप है कि डॉक्टरों ने सही जानकारी साझा नहीं की और अंधेरे में रखा। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। चिमनगंज टीआई गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।









