बालगृह से फरार नेपाली-दिल्ली के किशोर का सुराग नहीं

वॉशरूम की ग्रिल तोड़ 27 दिन पहले भाग थे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। लालपुर स्थित सरकारी बालगृह की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर फरार हुए दो नाबालिगों का मामला अब पुलिस के लिए पहेली बन गया है। करीब चार सप्ताह का समय बीत चुका है, लेकिन नागझिरी थाना पुलिस के पास इन बच्चों का कोई सुराग नहीं है। यह घटना सुरक्षा पर सवाल खड़े करने के साथ बालगृह के भीतर की निगरानी प्रणाली की पोल भी खोलती है।
नागझिरी थाना क्षेत्र के लालपुर स्थित सरकारी बालगृह से करीब चार सप्ताह पहले फरार हुए दो नाबालिग बच्चों का पुलिस अब तक कोई पता नहीं लगा सकी है। घटना 20 जनवरी की है। बालगृह में रह रहे 13 और 15 वर्षीय दो किशोरों ने वॉशरूम जाने का बहाना बनाया। अंदर जाकर उन्होंने खिड़की की ग्रिल तोड़ी और वहां से भाग निकले। काफी देर तक जब दोनों बाहर नहीं आए, तब स्टाफ को संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि दोनों वहां से गायब हैं।
नेपाल और दिल्ली के रहने वाले हैं बच्चे
लापता बच्चों में से एक की उम्र 15 वर्ष है जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। उसे करीब तीन महीने पहले शाजापुर से यहां शिफ्ट किया गया था। वहीं दूसरा बच्चा (13 वर्ष) दिल्ली का निवासी है और पिछले एक साल से इसी बालगृह में रह रहा था।
नेपाल कनेक्शन पर पुलिस ज्यादा सतर्क
पुलिस को आशंका है कि नेपाल निवासी किशोर अपने घर की ओर भाग सकता है। फरार बच्चों के गृह राज्यों (नेपाल और दिल्ली) की पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। हुलिए के आधार पर पोस्टर और फोटो प्रसारित किए गए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों बच्चों के संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखी जा रही है, लेकिन 27 दिन बीत जाने के बाद भी ठोस जानकारी न मिलना चिंता का विषय है।









