Tuesday, October 3, 2023
Homeउज्जैन समाचारभाजपा में सरगर्मी, बदले जाएंगे विभाग

भाजपा में सरगर्मी, बदले जाएंगे विभाग

नगर निगम एमआईसी की होगी सर्जरी और नए सदस्यों की हो सकती है एंट्री!

भाजपा में सरगर्मी, बदले जाएंगे विभाग

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन :नगर निगम में एमआईसी की सर्जरी की तैयारी हो गई है। कुछ सदस्यों के विभाग बदले जा सकते हैं। सबसे ज्यादा उठापटक नए सदस्यों की एंट्री को लेकर हो रही है। इसमें मंत्री और विधायक के बीच चल रही राजनीतिक जोराजमाइश चर्चा का विषय बनी हुई है। दो सदस्यों की एंट्री को लेकर सरगर्मी ज्यादा है। इस कारण अधिकृत घोषणा पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं।

नगर निगम में इन दिनों एमआईसी के सदस्यों के विभाग बदले जाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक पूर्व में एमआईसी सदस्य रह चुके सत्यनारायण चौहान और प्रकाश शर्मा को दोबारा एंट्री देने की कवायद चल रही है। इसे आने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

पूर्व मंत्री और विधायक पारस जैन चौहान के लिए अपनी ताकत लगा रहे हैं। प्रकाश शर्मा के लिए पूर्व यूडीए अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल भी मोर्चा संभाल रहे हैं। लेकिन इन दोनों नामों को लेकर भाजपा में इसलिए हलचल मच गई है क्योंकि अधिकतर पार्षदों में आक्रोश है।

इससे सदस्य का चयन करने में महापौर और संगठन को मशक्कत करनी पड़ रही है। इस विरोध के कारण यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि इस एंट्री को रोक दी जाए। बता दें कि पूर्व में नगर निगम एमआईसी में केवल पांच सदस्यों को शामिल किया गया था। नियमानुसार 10 सदस्य रखे जा सकते हैं।

मंत्री के तीन नए नाम

इस कवायद में उच्च शिक्षा मंत्री के समर्थक तीन पार्षदों को एमआईसी में शामिल करने को लेकर भी पेच आ गया है। कैलाश प्रजापत, अनिल गुप्ता और जितेंद्र कुवाल के नाम एमआईसी सदस्य के लिए आए हैं। दो सदस्यों की रिएंट्री के सामने इन तीन की नई एंट्री का पेच मुसीबत बन गया। हालांकि काफी तस्वीर साफ हो गई है और एक दो दिन में ही घोषणा कर दी जाएगी।

किसको मिलेगा क्रीम विभाग

एमआईसी में कुछ विभाग ऐसे हैं जो क्रीम माने जाते हैं। इनमें किसको कौनसा विभाग दिया जाए, इसको लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही माथापच्ची अब निर्णायक मोड़ पर आ गई है। सदस्यों में भी इस बात को लेकर उत्साह बना हुआ है।

जरूर पढ़ें

मोस्ट पॉपुलर